जयपुर, Jun 07, 2026

जयपुर के आसमान में गुरुवार को छाए बादल। फोटो पत्रिका
IMD Rajasthan Forecast: जयपुर. राजस्थान में पिछले कुछ दिनों से आंधी और बारिश के कारण लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली हुई है, लेकिन यह राहत अब ज्यादा समय तक रहने वाली नहीं है। मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार राज्य में 8 जून से मौसम फिर करवट लेने वाला है और तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। खासकर पश्चिमी राजस्थान के सीमावर्ती जिलों में एक बार फिर लू का असर देखने को मिल सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के अनुसार राज्य के ऊपर सक्रिय परिसंचरण तंत्र और विभिन्न ऊपरी वायुमंडलीय सिस्टम के प्रभाव से अगले दो से तीन दिनों तक कई क्षेत्रों में आंधी और बारिश की गतिविधियां जारी रहेंगी। पूर्वी राजस्थान के कुछ इलाकों में मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना बनी हुई है।
हालांकि मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि 8 जून से आंधी-बारिश की गतिविधियों में कमी आएगी और इसके साथ ही तापमान तेजी से बढ़ने लगेगा। पश्चिमी राजस्थान के जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर, जोधपुर और आसपास के सीमावर्ती क्षेत्रों में 8 से 11 जून के बीच अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। इन इलाकों में कहीं-कहीं हीटवेव चलने की भी संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार वर्तमान में मौसमी ट्रफ राजस्थान के श्रीगंगानगर क्षेत्र से होकर उत्तर भारत की ओर गुजर रही है। इसके अलावा जम्मू-कश्मीर के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ, पंजाब और उत्तर प्रदेश के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण तंत्र तथा अरब सागर तक फैली ट्रफ लाइन के कारण प्रदेश में मौसम में बदलाव देखने को मिल रहा है। वहीं 11 जून से एक नया पश्चिमी विक्षोभ पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि आगामी दिनों में तापमान बढ़ने और लू की संभावना को देखते हुए दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें तथा पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें। फिलहाल बारिश से मिली राहत जल्द खत्म होने के संकेत हैं और राजस्थान एक बार फिर तेज गर्मी की चपेट में आ सकता है।
Published on: 07 Jun 2026 10:23 am

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।