
बॉलीवुड के जाने-माने निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी के घर रविवार तड़के करीब 12:45 बजे हुई फायरिंग ने एक बार फिर पूरी फिल्म इंडस्ट्री में जैसे खलबली मचाकर रख दी है। सामने आया है कि जुहू स्थित 'शेट्टी टावर' के बाहर दो अज्ञात बाइक सवार हमलावरों ने अंधाधुंध फायरिंग की।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हमलावरों ने बिल्डिंग के गेट और दीवारों को निशाना बनाकर करीब 4 से 5 राउंड गोलियां चलाईं। बड़ी बात ये थी कि फायरिंग की इस घटना के दौरान रोहित शेट्टी खुद घर के अंदर ही मौजूद थे। गनीमत रही कि हमले में कोई हताहत नहीं हुआ, लेकिन गोलियों के निशान सुरक्षा में बड़ी चूक की गवाही दे रहे हैं।
फायरिंग के कुछ ही घंटों बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसने दहशत फैला दी। बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में भी भूमिका निभाने वाले लॉरेंस बिश्नोई गैंग के गुर्गे शुभम लोंकर और आरजू बिश्नोई ने इस हमले की जिम्मेदारी ली। वायरल हुए पोस्ट में लिखा, 'राम-राम, जय बजरंग बली। आज जो रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग हुई है, उसकी जिम्मेदारी हम (शुभम लोनकर, आरजू बिश्नोई, हरी बॉक्सर और हरमन संधू) लेते हैं। हमने उसे कई बार समझाया कि हमारे काम में दखल न दे, लेकिन वह समझा नहीं। यह तो सिर्फ छोटा सा ट्रेलर था। अगली बार गोलियां घर के बाहर नहीं, सीधे उसके बेडरूम में छाती के पार होंगी।'
गौरतलब है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग का असली 'पावर हाउस' राजस्थान है, इसलिए इस हमले के तार सीधे तौर पर राजस्थान से जुड़ रहे हैं। मुंबई क्राइम ब्रांच को संदेह है कि इस हमले के शूटर राजस्थान के बीकानेर, जोधपुर या श्रीगंगानगर से ताल्लुक रखते हैं। लॉरेंस गैंग अक्सर राजस्थान के कम उम्र के लड़कों को 'फेम' और 'रुपये' का लालच देकर ऐसी वारदातों के लिए इस्तेमाल करता है।
लॉरेंस बिश्नोई खुद राजस्थान का है और जेल में होने के बावजूद उसका नेटवर्क प्रदेश के ग्रामीण इलाकों में बहुत सक्रिय है। हाल ही में राजस्थान पुलिस ने रोहित गोदारा और अन्य गुर्गों पर नकेल कसी है, लेकिन इस हमले ने साबित कर दिया है कि गैंग का 'स्लीपर सेल' अभी भी सक्रिय है।
वहीं इस हमले की जिम्मेदारी लेने वालों में हरी बॉक्सर का नाम भी शामिल है, जिसका सीधा संबंध राजस्थान-हरियाणा सीमा के अपराध जगत से है।
गैंग की धमकी में 'काम में दखल' देने की बात कही गई है। सुरक्षा एजेंसियां इसकी जांच कर रही हैं कि क्या रोहित शेट्टी ने किसी फिल्म की स्क्रिप्ट में बदलाव करने से मना किया था या यह मामला वसूली और प्रोटेक्शन मनी से जुड़ा है। बाबा सिद्दीकी और सलमान खान के बाद अब रोहित शेट्टी को निशाना बनाना बॉलीवुड में अपना वर्चस्व स्थापित करने की बिश्नोई गैंग की एक बड़ी चाल मानी जा रही है।
मुंबई क्राइम ब्रांच ने इस मामले में विशेष टीमें गठित की हैं। पुलिस ने पुणे से एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शूटरों की पहचान की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक़ यहां राजस्थान पुलिस की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) और STF भी अलर्ट मोड पर आ गई है।
Published on:
01 Feb 2026 02:25 pm
बड़ी खबरें
View Allजयपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
