
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की कक्षा 10 और 12वीं की परीक्षाएं आगामी 12 फरवरी से शुरू होने जा रही हैं। यह परीक्षाएं आगामी 11 मार्च तक चलेगी। इसके लिए सीमावर्ती जैसलमेर जिले में कक्षा 10 के लिए 9585 और 12 में 6956 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। ऐसे ही व्यावसायिक शिक्षा में 1221, वरिष्ठ उपाध्याय में 16 और प्रवेशिका में 37 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं।
जिले में इन परीक्षाओं के लिए कुल 66 परीक्षा केंद्रों की स्थापना की गई है। इनमें 65 केंद्र सरकारी विद्यालयों और एकमात्र जैसलमेर मुख्यालय स्थित निजी विद्यालय में बनाया गया है। इनमें 62 केंद्र ऐसे हैं, जहां 10वीं और 12वीं दोनों कक्षाओं की बोर्ड परीक्षाएं होंगी। जिले में एक अतिसंवेदनशील और एक संवेदनशील परीक्षा केन्द्र माना गया है। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक जितेन्द्र सिंह ने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से संवेदनशील केंद्र पर परीक्षा समय में 2 और अतिसंवेदनशील केंद्र पर 4 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा प्रशासन की तरफ से शिक्षा विभाग के अतिरिक्त ऑब्जर्वर की नियुक्ति इन परीक्षाओं के सुचारू संचालन के लिए की गई है।
इस बीच 12 फरवरी से शुरू होने वाली परीक्षा के लिए उत्तर पुस्तिकाओं में बड़ा बदलाव किया गया है। बोर्ड परीक्षार्थियों को उत्तर पुस्तिकाओं में इस बार 4-4 पेज कम मिलेंगे। इसी तरह 10वीं की परीक्षा में 20 व 12वीं की परीक्षा की उत्तर पुस्तिका में 28 पेज ही होंगे। इसकी जगह बोर्ड पहली बार परीक्षा में 8 पेज की सप्लीमेंट्री उत्तर पुस्तिका की सुविधा देगा। यदि परीक्षार्थी प्रश्न पत्र हल करते समय मूल उत्तर पुस्तिका का पूरा उपयोग कर लेगा तो उसे सप्लीमेंट्री उत्तर पुस्तिका जारी की जा सकेगी। परीक्षा में पारदर्शिता के लिए पहली बार उत्तर पुस्तिकाओं पर बार कोड की व्यवस्था भी की गई है।
बोर्ड परीक्षा में इससे पहले तक सप्लीमेंट्री उत्तर पुस्तिका का प्रावधान नहीं था। यदि कोई परीक्षार्थी मुख्य उत्तर पुस्तिका पूरी भर चुका होता तो विशेष परिस्थिति में पूरी जांच-पड़ताल के बाद केंद्राधीक्षक की अनुमति से उसे प्रश्न पत्र हल करने के लिए मूल उत्तर पुस्तिका ही दी जाती थी। अब यदि ऐसा होता है तो परीक्षा कक्ष में मौजूद वीक्षक ही परीक्षार्थी की आवश्यकता को देखते हुए सप्लीमेंट्री कॉपी जारी कर सकेंगे।
Updated on:
11 Feb 2026 08:57 pm
Published on:
11 Feb 2026 08:56 pm
