6 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

झुंझुनू, Jun 05, 2026

झुंझुनूं में बारात की खुशियां मातम में बदली; सड़क हादसे में 5 साल के मासूम की मौत, दो लोग घायल

झुंझुनूं जिले के रामपुरा के पास बारात में शामिल एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में पांच वर्षीय अब्दुल्ला चौहान की मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई फैसल समेत दो लोग घायल हो गए। खुशियों के बीच हुए इस दर्दनाक हादसे से बारात और परिवार में मातम छा गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

jhunjhunu accident

इलाज के दौरान की तस्वीर (फोटो-पत्रिका)

झुंझुनूं। जिले के मलसीसर-झुंझुनूं स्टेट हाईवे पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में पांच वर्षीय मासूम की जान चली गई, जबकि दो युवक घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब बारात में शामिल लोग कार से मलसीसर जा रहे थे। अचानक कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई, जिससे खुशियों का माहौल मातम में बदल गया। हादसे के वक्त कार में कुल छह लोग सवार थे।

जानकारी के अनुसार लादूसर गांव से एक बारात मलसीसर जा रही थी। बारात में शामिल एक कार जब रामपुरा गांव के पास स्थित पेट्रोल पंप के नजदीक पहुंची, तभी चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि कार में सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया।

इलाज के दौरान मासूम की हुई मौत

हादसे के समय कार में कुल छह लोग सवार थे। दुर्घटना में लादूसर निवासी पांच वर्षीय अब्दुल्ला चौहान पुत्र मुस्तफा गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मासूम की मौत की खबर मिलते ही परिवार और बारात में शामिल लोगों में शोक की लहर दौड़ गई।

मृतक का बड़ा भाई गंभीर घायल

हादसे में अब्दुल्ला का बड़ा भाई फैसल (23) पुत्र मुस्तफा भी गंभीर रूप से घायल हो गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे झुंझुनूं रेफर कर दिया। वहीं परवेज पुत्र नजमुद्दीन को भी चोटें आईं, जिसका उपचार मलसीसर उप जिला अस्पताल में किया गया। कार में सवार अन्य लोगों को मामूली चोटें आने की जानकारी सामने आई है।

पुलिस ने शव परिजनों को सौंपा

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। बाद में शव को मलसीसर उप जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया, जहां पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी की गई। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

पुलिस मामले की जांच में जुटी

इस संबंध में मृतक के पिता मुस्तफा पुत्र सरवर खां निवासी लादूसर ने पुलिस थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। एक ओर जहां बारात की खुशियां थीं, वहीं इस हादसे ने परिवार को गहरे दुख में डुबो दिया।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें