
झुंझुनूं. शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने पीसीसी चीफ डोटासरा के जेल वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि जेल में कौन जाता है, यह जल्द ही पता चल जाएगा। झुंझुनूं जिले के बगड़ कस्बे में आयोजित कार्यक्रम के दौरान दिलावर ने कहा कि ‘मैं ऐसा कोई काम नहीं करता, जिससे मुझे जेल जाना पडे़। जेल में जाऊंगा तो कभी सुपरविजन (निरीक्षण) के लिए जाऊंगा। उन्होंने कहा कि मैंने पेपर आउट कराने में कोई पैसे नहीं खाए, ट्रांसफरों में पैसे नहीं खाए। जबकि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के समय उनके मुख्यमंत्री ने जब शिक्षकों से पूछा कि कोई ट्रांसफर में पैसे तो नहीं ले रहे तो सबने कहा था कि हां ले रहे हैं। ऐसे में साफ है कि भ्रष्टाचारी ही जेल जाएंगे। दिलावर ने कहा कि करीब 2 हजार करोड़ का घोटाला मिड-डे मील योजना में हुआ है। डोटासराजी चिंता न करें..., अभी जांच कहां तक पहुंचेगी, सारे मगरमच्छों को जाल में बंद करेंगे, जेल में कौन जाता है, वो भी बता देंगे।
प्रदेश के जर्जर स्कूलों को लेकर शिक्षा मंत्री दिलावर ने कहा कि कांग्रेस की सरकार गूंगी और बहरी थी। उन्होंने कभी चिंता ही नहीं की। भाजपा सरकार ने पौने 600 करोड़ रुपए मरम्मत व भवन निर्माण के लिए दिए हैं। केंद्र सरकार की ओर से स्वीकृत 1000 करोड़ रुपए भी जल्द मिलने वाले हैं, जिससे चरणबद्ध तरीके से स्कूलों का कायाकल्प होगा। दिलावर ने बताया कि कांग्रेस ने बिना पद सृजित किए स्कूलों पर अंग्रेजी माध्यम के बोर्ड टांग दिए थे। हमारी सरकार ने 20 हजार पद भर दिए हैं और शेष रिक्तियों के लिए आरपीएससी और चयन बोर्ड को फाइलें भेज दी गई हैं। काफी पद भरने वाले हैं। लगभग पौने दो लाख शिक्षक और अन्य कर्मचारी विभाग को मिलेंगे।
ग्राम पंचायत लाम्बी अहीर के लाम्बीसहड़ में इंग्लिश मीडियम प्ले स्कूल (बाल वाटिका) के उदघाटन समारोह में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि बाल वाटिका की दीवारों पर उकेरे गए भावनात्मक और ज्ञानवर्धक चित्र बच्चों को खेल-खेल में सीखने के लिए प्रेरित करेंगे। उन्होंने कहा कि अब ग्रामीण क्षेत्र के बच्चे भी आधुनिक शिक्षा पद्धति से जुड़ेंगे और दृश्यात्मक शिक्षा के माध्यम से उनका सर्वांगीण विकास होगा। मंत्री दिलावर ने बताया कि प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में बर्तन बैंक स्थापित करने के लिए विधायकों को अपने कोष से एक-एक लाख रुपए देने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे प्लास्टिक के उपयोग पर रोक लगाई जा सके। स्वच्छता पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि पंचायतों को सफाई के लिए पर्याप्त बजट उपलब्ध कराया गया है, लेकिन लापरवाह अधिकारियों को चेतावनी दी गई है कि कार्यशैली में सुधार नहीं होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। शिक्षा व्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के प्रयासों से राजस्थान शिक्षा के क्षेत्र में 11वें स्थान से तीसरे स्थान पर पहुंचा है। सरकारी विद्यालयों में अब निजी स्कूलों से बेहतर शिक्षा दी जा रही है और विद्यार्थी उत्कृष्ट परिणाम ला रहे हैं। बुहाना ब्लॉक का प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त करना पूरे जिले के लिए गर्व की बात है। दिलावर ने कहा कि अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर भारत की सांस्कृतिक चेतना और आस्था का प्रतीक है, जहां देश-विदेश से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
बगड़ नगरपालिका में अंबेडकर पार्क व अन्य विकास कार्यों के लोकार्पण पर शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा कि वे बगड़ को फिर से शिक्षा के क्षेत्र में अव्वल करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि बगड़ से उनका बहुत पुराना रिश्ता है। गोविंदसिंह राठौड़ पालिकाध्यक्ष बने, तब भी वे यहां आए थे। बगड़ में जल्द ही सरकारी कॉलेज खुलेगा। इसके लिए वे उच्च शिक्षा मंत्री से बात कर बजट पास करवाने का प्रयास करेंगे। दिलावर बगड़ नगरपालिका में अंबेडकर पार्क व अन्य विकास कार्यों के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि अब डबल इंजन की सरकार है, देश व राज्य में तेजी से विकास कार्य हो रहे हैं। लेकिन कांग्रेस एसआइआर का विरोध कर रही है। मनरेगा का नाम बदलने का विरोध कर गरीब जनता में भ्रम फैला रही है। मंत्री ने कहा कि हम गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए प्रतिबद्ध हैं, जल्द ही दो लाख नए शिक्षकों की भर्ती होने वाली है। पहले शिक्षा के क्षेत्र में राजस्थान 11 वें नंबर पर था, अब तीसरे नंबर पर है। उन्होंने पॉलीथिन का उपयोग ना करने की अपील करते हुए विदेशी सामान का परित्याग कर स्वदेशी अपनाने पर बल दिया। उन्होंने पीएम श्री विद्यालयों में जल्द ही शिक्षक लगाने का भी आश्वासन दिया।
अध्यक्षता कर रहे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदनसिंह राठौड़ ने कहा कि हम एकजुटता के साथ रहेंगे तभी आगे बढ़ेंगे। आज विदेशों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भारत का डंका बजा रहे हैं, वे आप सभी के एक वोट की ताकत पर ही कर रहे हैं। विशिष्ट अतिथि भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच, विधायक राजेंद्र भांबू थे। विधायक राजेंद्र भांबू ने पंचायत में बर्तन बैंक के लिए विधायक कोटे से 44 लाख रुपए का चैक दिया व बगड़ में मंत्री से सरकारी कॉलेज खोलने की मांग की। प्रदेश उपाध्यक्ष मुकेश दाधीच ने कहा कि कस्बे को मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पर्यटक स्थल बनाने की घोषणा कर रखी है, उसी कड़ी में वार्ड नंबर 5 में पहाड़ी के ऊपर महाराणा प्रताप की आदमकद मूर्ति लगाकर इसे पर्यटक से जोड़ा जा सकता है, इसके लिए हम प्रयासरत हैं। दाधीच ने कहा कि सामुदायिक भवन के लिए पहले बजट पास हुआ था लेकिन कोरोना काल में काम नहीं हो सका। अब प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ से इसके लिए मांग की गई तो उन्होंने अपने कोटे से सामुदायिक भवन के लिए 18 लाख 85 हजार रुपए स्वीकृत कर दिए हैं।
Published on:
31 Jan 2026 11:05 pm
बड़ी खबरें
View Allझुंझुनू
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
