10 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

झुंझुनूं क्राइम : महिला की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस का सनसनीखेज खुलासा, सामने आई यह वजह

महिला के विरोध करने पर दोनों में संघर्ष हुआ। इसी दौरान तैश में आकर आरोपी ने चाकू से महिला का गला रेतकर हत्या कर दी। बाद में शव को चादर में लपेटकर एक ओर डाल दिया

3 min read
Google source verification
jhunjhunu murder

गुड़ा गांव में सीता देवी की हत्या के मामले के बाद जमा भीड़ व भीड़ को समझाते पुलिस अधिकारी।

झुंझुनूं। गुढागौड़जी थानाक्षेत्र के गांव गुड़ा में हवेली में अकेली रह रही 70 वर्षीय वृद्ध महिला की नृशंस हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने गांव गुड़ा निवासी प्रितम कुमार उर्फ लालू (26) पुत्र चौथमल शर्मा को गिरफ्तार किया है। आरोपी बुजुर्ग महिला के घर से रुपए चोरी कर विदेश जाना चाहता था।

एसपी बृजेश ज्योति उपाध्याय ने बताया कि मृतका सीता देवी पत्नी सीताराम अग्रवाल घर में अकेली रहती थी। महिला की कोई संतान नहीं थी और पति का पूर्व में निधन हो चुका था। पुलिस ने बताया कि रविवार रात करीब आठ बजे गांव में बिजली आपूर्ति बंद थी।

इसी का फायदा उठाकर आरोपी चोरी के इरादे से छत के ऊपर से घर के अंदर घुसा। उस समय वृद्धा सब्जी काट रही थी। आरोपी का प्लान महिला को कमरे में बंद कर संदूक से रुपए निकालने का था। लेकिन महिला ने उसे हवेली की सीढ़ियों में देख लिया था। अंधेरे में आरोपी और महिला का आमना-सामना हो गया।

महिला के विरोध करने पर दोनों में संघर्ष हुआ। इसी दौरान तैश में आकर आरोपी ने चाकू से महिला का गला रेतकर हत्या कर दी। बाद में शव को चादर में लपेटकर एक ओर डाल दिया और करीब आधे घंटे तक हवेली में रखे 13 बक्सों के ताले तोड़े। लेकिन आरोपी को ज्यादा नकदी नहीं मिली। इसके बाद वह फरार हो गया।

संघर्ष में आरोपी को भी आई चोट

घटनास्थल पर संदूक और कमरों में खून के छींटे मिले, जिससे संघर्ष की पुष्टि हुई। संघर्ष के दौरान आरोपी की नाक और हाथ की दो उंगलियों में चोट लगी। घटना के बाद वह घर पहुंचा और परिजन को सड़क पर गिरने से चोट लगने की बात कही। बाद में गांव से वाहन किराए पर लेकर सीएचसी पौंख पहुंचा, जहां रात को इलाज कराया। इलाज के बाद वह घर लौट आया और रातभर घर पर ही रहा।

विदेश जाने के लिए चाहिए थे पैसे

प्रितम पिछले दो-तीन साल से घर पर ही था और विदेश जाने की योजना बना रहा था। दो दिन पहले सीता देवी उसके घर आई थी, जहां पर किसी को उधार दिए गए पैसों की बात कर रही थी। आरोपी ने उसकी बात सुनने के बाद वारदात की साजिश रची।

वारदात के एक दिन पहले भी वह सीतादेवी के घर गया था। लेकिन उस समय सीतादेवी गेट के सामने ही बैठी थी, इसलिए वह वापस लौट आया। आरोपी का घर सीतादेवी के घर से केवल सौ मीटर की दूरी पर है। आरोपी प्रीतम पहले दिल्ली रहता था, बाद में वापस गांव आ गया।

डॉग स्क्वॉयड और अस्पताल रिकॉर्ड से खुला राज

घटना की सूचना पर पुलिस ने एफएसएल, एमओबी, एमआईयू टीम और डॉग स्क्वॉयड की मदद से जांच की। डॉग स्क्वॉयड करीब 200 मीटर तक पदचिन्हों का पीछा करते हुए आरोपी के घर तक पहुंच गया।

इधर पुलिस ने आसपास के क्लिनिक और अस्पतालों में जांच की तो पौंख सीएचसी में आरोपी के इलाज की जानकारी सामने आई। इन कड़ियों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां उसने जुर्म स्वीकार कर लिया।

मामले का खुलासा करने में नवलगढ़ डिप्टी महावीर सिंह, गुढ़ागौड़जी थानाधिकारी सुरेश कुमार रोलन, उदयपुरवाटी थानाधिकारी रामपाल, नवलगढ़ थानाधिकारी अजय सिह, एसआई उमराव, एएसआई रामावतार, हेड कांस्टेबल कानाराम, कांस्टेबल संजय सिह, सुनील कुमार, महावीरप्रसाद, अशोक कुमार, हरेन्द्र कुमार, भूपेन्द्र कुमार, अनिता, अजय सिह, महिपाल आदि की भूमिका रही।

2014 से अकेली रह रही थी मृतका

सीता देवी के पति सीताराम वाहन चलाने का काम करते थे। वर्ष 2014 में उनके निधन के बाद सीता देवी घर में अकेली रह रही थी। उसका पीहर श्रीमाधोपुर है। सीता के भाई संतोष गोपालका ने हत्या व चोरी का मामला दर्ज कराया है।

सीता देवी के भाई और भाभी ने किए कई फोन

बुजुर्ग महिला सीता देवी के शव का पोस्टमार्टम गुढ़ागौड़जी सीएचसी में कर परिजन को सौंप दिया। इसके बाद गुड़ा में अंतिम संस्कार कर दिया गया। वह अपनी पैतृक हवेली में रहती थी। उसके कोई संतान नहीं होने के कारण उसका भाई संतोष अग्रवाल व उसकी भाभी ललिता प्रतिदिन स्वास्थ्य का हाल जानने व अन्य समाचारों के लिए फोन करते थे।

सीता देवी अग्रवाल के भाई संतोष अग्रवाल ने बताया कि रविवार को दिन में 3 बजे बहन ने फोन किया था। लेकिन प्रतिदिन की तरह रात को मेरी घरवाली ललिता देवी ने फोन किया तो उसने उठाया नहीं। 7, 8 बार फोन किया लेकिन फोन नहीं उठा तो हमने सोचा कि कहीं सो गई हो गई। लेकिन सुबह घटना का पता लगा।

सीता देवी की हत्या की सूचना पर गांव के व गांव के आस-पास के गांवों के लोग भी जमा हो गए। मौके पर उदयपुरवाटी विधायक भगवाना राम सैनी, महिपाल सिंह गुढ़ा,संजय गुढ़ा,राम सिंह शेखावत सहित अन्य लोग मौके पर पहुंचे।

बड़ी खबरें

View All

झुंझुनू

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग