10 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

शेखावाटी: PNB में 6.50 करोड़ के गोल्ड घोटाले के आरोपी बैंक मैनेजर ने करोड़ों की जमीन खरीदी, डेयरी प्लांट खोला

PNB Gold Scam: झुंझुनूं जिले में नवलगढ़ के नानसा गेट स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की शाखा में बड़े गोल्ड घोटाले के मुख्य आरोपी ​बैंक मैनेजर ने घोटाले की रकम से जमीनों का सौदा कर डाला और डेयरी प्लांट खोल लिया।

2 min read
Google source verification
बैंक घोटाले का सरगना अमित कुमार व अन्य सहयोगी, पत्रिका फोटो

बैंक घोटाले का सरगना अमित कुमार व अन्य सहयोगी, पत्रिका फोटो

PNB Gold Scam: झुंझुनूं जिले में नवलगढ़ के नानसा गेट स्थित पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की शाखा में बड़ा गोल्ड घोटाला सामने आने के बाद अब घोटाले के आरोपियों की करतूतों से भी पर्दा उठने लगा है। आरोपी ​बैंक मैनेजर ने बैंक के दो अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर 6.50 करोड़ रुपए कीमत के लगभग 4 किलो से अधिक वजन के सोने के जेवर खुर्दबुर्द कर दिए।

इस रकम से आरोपी मैनेजर ने जमीनों का सौदा कर डाला और डेयरी प्लांट खोल लिया। ब्रांच में घोटाला सामने आने के बाद बैंक से लोन लेने वाले लोग सदमे में हैं, जिन्होंने गोल्ड लोन के एवज में अपने गहने बैंक में जमा कराए थे।

ऐसे खुला घोटाला

पुलिस में दर्ज ​केस के अनुसार ग्राहकों को दिए गए गोल्ड लोन के बदले स्ट्रांग रूम की गोल्ड सेफ में सोने के आभूषणों के सैकड़ों पैकेट रखे हुए थे। इनमें से 73 पैकेटों में रखे असली सोने के आभूषण निकालकर उनकी जगह नकली आभूषण रख दिए गए, जबकि 3 पैकेटों में रखे आभूषणों का वजन कम पाया गया।

बैंक की प्रारंभिक जांच में कुल 4198 ग्राम सोने के आभूषण कम मिले, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 6.50 करोड़ रुपए बताई जा रही है। चोरी हुए सोने की वास्तविक मात्रा का पता फिलहाल पुलिस ने खुलासा नहीं किया है।

चार्ज सौंपने के दौरान मिली गड़बड़ी

दो चाबियों से खुलने वाली गोल्ड सेफ की संयुक्त अभिरक्षा की जिम्मेदारी तत्कालीन वरिष्ठ शाखा प्रबंधक अमित कुमार और उप प्रबंधक अनंतप्रकाश चौधरी के पास थी। छह दिन पहले 28 जनवरी को जब गोल्ड सेफ का चार्ज उप प्रबंधक सीमा महला को सौंपा जा रहा था, तब सेफ की जांच के दौरान पैकेटों में छेड़छाड़ सामने आई।

इसके बाद वर्तमान बैंक प्रबंधक ने आंतरिक जांच शुरू की। घोटाले में तत्कालीन शाखा प्रबंधक अमित जांगिड़ का नाम सामने आया। बैंक की शिकायत पर उनके साथ उप प्रबंधक अनंत प्रकाश चौधरी और बैंक के बीसी संचालक संतोष कुमार के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया है।

बैंक मैनेजर ने खरीदी करोड़ों की जमीन

मिली जानकारी के अनुसार तत्कालीन बैंक मैनेजर अमित कुमार जांगिड़ ने बीते कुछ वर्षों में करोड़ों रुपए कीमत की जमीन खरीदी है, जिस पर एक डेयरी प्लांट भी लगाया है। जानकारी के अनुसार उसने अलग-अलग जगहों पर और भी जमीनें खरीदी गई हैं। आरोपी बैंक मैनेजर अमित कुमार जांगिड़ का परिवार सीथल गुढ़ागौड़जी (झुंझुनूं) में ही रहता है। उसके घर में पत्नी और एक बेटी है। माता-पिता और छोटा भाई भी साथ रहते हैं।

लोन देने में भी फर्जीवाड़ा

पुलिस की जांच में सामने आ रहा है कि कई लोगों को फर्जी लोन भी दिया गया है। कुछ ऐसे नाम भी सामने आए हैं, जिनको कागजों में लोन देना बताया गया है, लेकिन हकीकत में उस नाम के व्यक्ति मौजूद ही नहीं हैं।

इस तरह से कितनी राशि का गबन किया गया है, इसका खुलासा तो जांच के बाद ही होगा। कई सरकारी योजनाओं के नाम पर भी फर्जीवाड़ा करके लोन देने की बात सामने आई है। ऐसे में बैंक में हुए घोटाले की रकम में बड़ा इजाफा होने की आशंका है।

बड़ी खबरें

View All

झुंझुनू

राजस्थान न्यूज़

ट्रेंडिंग