कानपुर, Jun 02, 2026

गैंगस्टर जाहिद उर्फ खूटी (File Photo- Patrika)
Kanpur Zahid Khuti Murder Case: कानपुर के चर्चित हिस्ट्रीशीटर जाहिद उर्फ खूटी हत्याकांड की जांच अब निर्णायक दिशा में पहुंचती दिख रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल टावर डाटा से कई ऐसे अहम सुराग मिले हैं, जिनके आधार पर संदिग्धों की पहचान तेजी से की जा रही है। घंटाघर से टाटमिल और मुंशीपुरवा मोड़ तक की फुटेज की दोबारा गहन जांच में कुछ ऐसे चेहरे सामने आए हैं, जो वारदात से पहले और बाद में लगातार इलाके में सक्रिय दिखे हैं। हालांकि, ये फुटेज पब्लिक डोमेन में नहीं है। इस वजह से खबर में नहीं लगाई गई है।
जांच में यह भी स्पष्ट हुआ है कि हत्या से पहले जाहिद कुछ लोगों के साथ बैठकर शराब पी रहा था। पुलिस का मानना है कि इसी दौरान किसी विवाद ने गंभीर रूप ले लिया और बाद में धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। कई फुटेज में जाहिद को अलग-अलग स्थानों पर उन लोगों के साथ देखा गया है, जिनकी भूमिका अब जांच के केंद्र में है।
पुलिस ने घटनास्थल के आसपास के मोबाइल टावरों का बीटीएस डाटा खंगालने के बाद 6 से अधिक संदिग्ध मोबाइल नंबर चिह्नित किए हैं। इन नंबरों की लोकेशन वारदात के समय और उसके आसपास लगातार उसी क्षेत्र में पाई गई है। इन सभी नंबरों के धारकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का दावा है कि इनमें से कुछ लोग सीधे या अप्रत्यक्ष रूप से वारदात से जुड़े हो सकते हैं।
पुलिस इस हत्या को सिर्फ एक सामान्य आपराधिक वारदात मानकर नहीं चल रही है। जांच में रंजिश, आपराधिक वर्चस्व, आपसी विवाद और प्रेम संबंध जैसे कई एंगल शामिल किए गए हैं। इसके साथ ही यह भी खंगाला जा रहा है कि क्या जाहिद के किसी करीबी ने ही उसे धोखे से बुलाकर वारदात को अंजाम दिलवाया।
एडीसीपी पूर्वी शिवा सिंह के अनुसार, तकनीकी साक्ष्य और सर्विलांस डाटा के आधार पर जांच तेजी से आगे बढ़ रही है। कई महत्वपूर्ण कड़ियां आपस में जुड़ चुकी हैं और पुलिस जल्द ही इस हत्याकांड का खुलासा कर सकती है। मामले में लगातार हो रही पूछताछ से पुलिस को अहम जानकारियां मिल रही हैं, जिससे आरोपियों तक पहुंचने की संभावना मजबूत हो गई है।
संबंधित विषय:
Updated on: 03 Jun 2026 02:32 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।