कोटा, Jun 06, 2026

फाइल फोटो पत्रिका
कोटा। राजस्थान के कोटा जिले में नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के मामले में शनिवार को कोर्ट ने दोषी को 10 साल के कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही 20 हजार रुपए का जुर्माना भी लगाया है। मामला दो वर्ष पुराना है। मामले की सुनवाई के दौरान 14 गवाहों के बयान दर्ज करवाए गए। पीड़िता ने बयानों में अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया। इस आधार पर अदालत ने अभियुक्त को भादंस व पॉक्सो एक्ट की धाराओं में दोषी ठहराते हुए सजा सुनाई।
दोषी युवक ने नाबालिग 10वीं कक्षा की छात्रा को पहले प्रेम जाल में फंसाया। इसके बाद उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें खींच ली। फिर फोटो वायरल करने की धमकी देकर एक साल तक डरा धमकाकर दुष्कर्म करता रहा। पीड़ित नाबालिग परिवार की इज्जत के कारण सब कुछ सहन करती रही। फिर पीड़िता ने हिम्मत जुटाकर अपनी मां के साथ आकर थाने में शिकायत दी। शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
यह वीडियो भी देखें
इधर एक अन्य मामले में अजमेर रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर सो रही मासूम बालिका को अगवा कर यार्ड में खड़ी गाड़ी में उसके साथ दुष्कर्म करने के दो वर्ष पुराने मामले में पॉक्सो अदालत ने शुक्रवार को फैसला सुनाया। न्यायाधीश हेमंत सिंह बाघेला ने अभियुक्त फुलेरा क्षेत्र निवासी अमरचन्द उर्फ टीकम को दोषी ठहराते हुए अधिकतम बीस वर्ष के कठोर कारावास एवं कुल 26,500 रुपए के जुर्माने से दंडित किया। आदेश में लिखा कि अभियुक्त ने 11 वर्ष की नाबालिग का अपहरण कर उसको गंभीर रूप से घायल कर दुष्कर्म किया। ऐसे अभियुक्त के विरूद्ध नरमी का रूख नहीं अपनाया जा सकता। उसे कठोर दण्ड देना न्यायोचित होगा।
घटना अनुसार पीड़त बालिका के पिता ने थाना जीआरपी अजमेर में 18 जून 2024 को रिपोर्ट दर्ज करवाई। इसमें बताया कि वह अपने परिवार के साथ जियारत के लिए अजमेर आया था। रात में ट्रेन से वापस जाने के लिए रेलवे स्टेशन अजमेर के प्लेटफार्म पर आकर सो गए। रात को करीब 02 बजे उसके परिजन टिकट लेने के लिए उठे तो देखा कि पास में सो रही उसकी पुत्री व एक कपडे का बैग वहां पर नहीं है।
तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मदद से पुत्री को रेलवे स्टेशन तथा ट्रेनों में तलाश किया। तलाशी के दौरान प्लेटफॉर्म नं. 04 पर आकर खड़ी हुई ट्रेन में उसकी नाबालिग पुत्री घायल अवस्था में लेटी हुई मिली। उसे घायल अवस्था में पुलिस ने सरकारी अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती करवाया।
Updated on: 06 Jun 2026 05:13 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।