कोटा, May 15, 2026

NEET Exam Fee Refund(photo-patrika)
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) नई दिल्ली की ओर से नीट यूजी 2026 का पुनः आयोजन 21 जून को किया जाएगा। यह सूचना एनटीए के आधिकारिक एक्स चैनल से शुक्रवार को जारी की गई। एजेंसी ने विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से केवल एनटीए के आधिकारिक माध्यमों से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करने की अपील की है।
नीट के लिए 22.79 लाख विद्यार्थियों का रजिस्ट्रेशन पहले से हो रखा है।एनटीए की ओर से फिलहाल परीक्षा केंद्रों को लेकर विस्तृत जानकारी जारी नहीं की गई है, लेकिन संभावना जताई जा रही है कि 3 मई को आयोजित परीक्षा के लिए विद्यार्थियों को आवंटित केंद्रों में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
319 करोड़ रुपए लौटाने होंगे
एनटीए ने हाल ही नीट यूजी 2026 में पंजीकृत एवं सम्मिलित विद्यार्थियों की रजिस्ट्रेशन फीस रिफंड किए जाने की घोषणा की थी। अब लगभग 22.79 लाख विद्यार्थी फीस वापसी का इंतजार कर रहे हैं। आंकड़ों के अनुसार, जनरल, ईडब्ल्यूएस, ओबीसी, एससी एवं एसटी वर्ग के विद्यार्थियों की औसत रजिस्ट्रेशन फीस करीब 1400 रुपए प्रति विद्यार्थी रही है। इस हिसाब से विद्यार्थियों से लगभग 319 करोड़ रुपए जमा हुए हैं, जिन्हें एजेंसी को वापस करना होगा। हालांकि फीस रिफंड की प्रक्रिया कब शुरू होगी, इसे लेकर अभी तक कोई स्पष्ट जानकारी जारी नहीं की गई है।
एजुकेशन एक्सपर्ट देव शर्मा ने बताया कि री-नीट-यूजी 2026 का प्रश्न पत्र अपेक्षाकृत अधिक स्तरीय रहने की संभावना है। अब तक का रेकॉर्ड बताता है कि री-नीट के प्रश्न पत्रों का स्तर सामान्य नीट की तुलना में अधिक चुनौतीपूर्ण रहा। ऐसे में विद्यार्थियों को सलाह दी जाती है कि वे पूरी गंभीरता के साथ दोबारा तैयारी में जुट जाएं। एनटीए की ओर से पूर्व में जारी सूचना के अनुसार, री-नीट-यूजी 2026 के लिए विद्यार्थियों को पुनः रजिस्ट्रेशन कराने की आवश्यकता नहीं होगी।
Published on: 15 May 2026 06:51 pm


कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।