
यमुना एक्सप्रेसवे हादसे में 6 की मौके पर मौत
Mathura Yamuna Expressway Accident: मथुरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां तेज रफ्तार कंटेनर ने बस से उतर रहे यात्रियों को कुचल दिया। इस हादसे में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुई बस नोएडा से आगरा की ओर जा रही थी। बस में सवार कुछ यात्रियों को बीच रास्ते में उतरना था। चालक ने बस को एक्सप्रेस-वे के निर्धारित ग्रीन जोन में रोकने के बजाय सड़क किनारे ही खड़ा कर दिया। इसके बाद कई यात्री बस से उतरकर नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे एक कंटेनर ने सड़क किनारे खड़े यात्रियों को टक्कर मार दी। कंटेनर की चपेट में आने से यात्रियों को संभलने का मौका भी नहीं मिला। टक्कर इतनी जोरदार थी कि छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
यह हादसा मथुरा के सुरीर थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेस-वे के माइल स्टोन-88 के पास सुबह करीब पौने तीन बजे हुआ। तड़के का समय होने के कारण सड़क पर वाहनों की रफ्तार तेज थी, जिससे हादसा और भी भयावह हो गया।
हादसे में जान गंवाने वालों में औरैया के सरवा कटरा निवासी सोनू, बस्ती के अलेवल निवासी देवेश, कन्नौज के गणेश का पुरवा निवासी अस्लम और दिल्ली के प्रेम नगर निवासी संतोष शामिल हैं। दो अन्य मृतकों की पहचान अभी नहीं हो सकी है। इस हादसे में औरैया के बेला निवासी अमर दुबे गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे पर कुछ समय के लिए यातायात बाधित हो गया था। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
सुरीर थाना प्रभारी अजय कुमार ने बताया कि राहत एवं बचाव कार्य पूरा होने के बाद यातायात को सामान्य कर दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि दुर्घटना किन कारणों से हुई।
Updated on:
07 Feb 2026 08:54 am
Published on:
07 Feb 2026 07:34 am
बड़ी खबरें
View Allमथुरा
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
