मऊ, Jun 06, 2026

काकरोच पार्टी की सदस्यता लेने से मना करने पर डॉक्टर को पीटा (फोटो- पत्रिका)
Mau News: मऊ जिले के घोसी कोतवाली क्षेत्र स्थित मझवारा मोड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में गुरुवार को एक अजीबोगरीब और सनसनीखेज मामला सामने आया, जहां कथित तौर पर “कॉकरोच पार्टी” (cockroach party) की सदस्यता लेने से इनकार करना एक सरकारी डॉक्टर को भारी पड़ गया। आरोप है कि खुद को पार्टी का पदाधिकारी बताने वाले युवक ने डॉक्टर के साथ मारपीट की, अस्पताल में तोड़फोड़ की और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। घटना के बाद अस्पताल कर्मचारियों और चिकित्सकों में भारी आक्रोश है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गाजीपुर (Ghazipur) जनपद के बरेसर थाना क्षेत्र के अलावलपुर अफगा गांव निवासी एवं वर्तमान में मझवारा मोड़ सीएचसी में तैनात सरकारी चिकित्सक डॉ. हरिश्चंद्र जायसवाल अपने चेंबर में मरीजों का उपचार कर रहे थे। इसी दौरान घोसी तहसील क्षेत्र के केरमा महरूपुर निवासी रविशंकर उर्फ राहुल यादव ईसीजी जांच कराने अस्पताल पहुंचे।
डॉ. जायसवाल के मुताबिक, जांच के बाद युवक ने स्वयं को “काकरोच जनता पार्टी” का पदाधिकारी बताते हुए उनसे पार्टी की सदस्यता लेने का दबाव बनाया। डॉक्टर ने सरकारी कर्मचारी होने का हवाला देते हुए किसी भी राजनीतिक गतिविधि से जुड़ने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसी बात से नाराज युवक ने आपा खो दिया और डॉक्टर के साथ अभद्रता करते हुए मारपीट शुरू कर दी। उसने डॉक्टर को चेंबर में पटक-पटक कर घायल कर दिया तथा वहां रखे सरकारी सामान को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
पीड़ित डॉक्टर के मुताबिक, आरोपी युवक ने कहा कि उनकी काकरोच पार्टी सरकार को उखाड़ फेंकने का काम कर रही है और उन्हें भी पार्टी से जुड़ना चाहिए। मना करने पर आरोपी ने डॉक्टर को थप्पड़ मार दिया और तोड़फोड़ शुरू कर दी। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया।
चिकित्सकों और कर्मचारियों ने एकजुट होकर घोसी (Ghosi) कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ तहरीर दी और सख्त कार्रवाई की मांग की। फिलहाल आरोपी फरार है। इस मामले में अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार (ASP ANUP Kumar) ने बताया कि डॉक्टर की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी राहुल यादव की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
संबंधित विषय:
Published on: 06 Jun 2026 08:49 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।