
Accident News: मऊ जिले के सरायलखंसी थाना क्षेत्र में मंगलवार को तेज रफ्तार कार की चपेट में आने से एक ही परिवार के चार लोग घायल हो गए। इस दर्दनाक हादसे में मां और बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य की हालत गंभीर बनी हुई है। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
घटना सरायलखंसी थाना क्षेत्र के ताजोपुर गांव स्थित बाबू का पूरा मौजा की है। बताया जा रहा है कि रीता देवी (50), उनकी बेटी गोल्डी राजभर (25), सास मुखिया राजभर (70) और भांजा शिवम राजभर (25) घर के बाहर बैठकर धूप सेंक रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कार ने उन्हें कुचल दिया।
हादसे में रीता देवी और उनकी बेटी गोल्डी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मुखिया राजभर और शिवम राजभर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने रीता देवी को मृत घोषित कर दिया। इलाज के दौरान गोल्डी राजभर ने भी दम तोड़ दिया।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि गांव निवासी राजन राजभर ने जानबूझकर कार को घर के सामने मोड़ा और तेज रफ्तार में वाहन चलाते हुए सभी को रौंद दिया। घटना के बाद आरोपी चालक कार छोड़कर मौके से फरार हो गया।
वहीं, गाड़ी में मौजूद शिव दयाल ने बताया कि उन्होंने कार बुक की थी और मकर संक्रांति के अवसर पर अपनी दीदी के यहां खिचड़ी लेकर जा रहे थे। गांव में मृतकों के घर के पास अचानक कार की गति तेज हो गई और चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि चालक राजन राजभर उसी मोहल्ले का रहने वाला है और घटना के बाद से फरार है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही मामले में मुकदमा दर्ज कर फरार चालक की तलाश में दबिश दी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Published on:
19 Jan 2026 07:14 pm
बड़ी खबरें
View Allमऊ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
