11 फ़रवरी 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बोर्ड परीक्षा: पहले दिन दो फर्जी परीक्षार्थी, पांच नकलची पकड़े

मुरैना. माध्यमिक शिक्षा मंडल बोर्ड परीक्षाओं के पहले दिन हायरसेकेंडरी के अंग्रेजी प्रश्न पत्र की परीक्षा में दो फर्जी परीक्षार्थी और पांच नकलची पकड़े गए हैं। प्रशासन की सख्ती के बाद भी व्यवस्था की पोल खुल गई। अनुदानित एम एल डी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्र क्रमांक- 01 पर गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया […]

3 min read
Google source verification

मुरैना. माध्यमिक शिक्षा मंडल बोर्ड परीक्षाओं के पहले दिन हायरसेकेंडरी के अंग्रेजी प्रश्न पत्र की परीक्षा में दो फर्जी परीक्षार्थी और पांच नकलची पकड़े गए हैं। प्रशासन की सख्ती के बाद भी व्यवस्था की पोल खुल गई। अनुदानित एम एल डी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्र क्रमांक- 01 पर गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया है। यहां दो मूल परीक्षार्थियों की जगह फर्जी परीक्षार्थी परीक्षा देते हुए पकड़े गए।


पुलिस के अनुसार अनुक्रमांक 261100387 के मूल परीक्षार्थी अनुभव भार्गव के स्थान पर नीरज सिंह पुत्र शिवकुमार सिंह निवासी कमतरी तथा अनुक्रमांक 261100564 के मूल परीक्षार्थी नरेश ठाकुर के स्थान पर मिलन सिंह पुत्र प्रेम ङ्क्षसह निवासी बिजली पुरा को परीक्षा देते हुए पकड़े गया है। दोनों फर्जी परीक्षार्थियों को मौके पर ही पकडकऱ पुलिस के सुपुर्द किया गया। पुलिस ने केन्द्राध्यक्ष रमेश सिंह परमार की रिपोर्ट पर आरोपी अनुभव भार्गव, नीरज सिंह, नरेश ठाकुर एवं मिलन सिंह के विरुद्ध धारा 319 बीएनएस एवं मध्यप्रदेश मान्यता प्राप्त परीक्षा अधिनियम 1937 की धारा 3 डी/4 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

इन परीक्षार्थियों के बनाए नकल प्रकरण

अशासकीय अनुदानित एमएलडी उमावि अंबाह से एक परीक्षार्थी अनुक्रमांक 261100372, अशासकीय शांति निकेतन उमावि अंबाह से दो छात्र जिनके अनुक्रमांक क्रमश: 261139460 और 261139542 को नकल करते पकड़ा गया। वहीं शासकीय संदीपनी उमावि मॉडल जौरा से अनुक्रमांक 261128253 और शासकीय कन्या उमावि कैलारस से अनुक्रमांक 261128253 वाला परीक्षार्थी नकल करते पकड़ा गया।

कलेक्टर के निर्देश के बाद भी जमीन पर बैठने को मजबूर परीक्षार्थी

माध्यमिक शिक्षा बोर्ड परीक्षाओं में कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ के निर्देश के बाद भी अव्यवस्थाएं हावी रहीं। शहर के परीक्षा केन्द्र पर ही परीक्षार्थियों को जमीन पर बैठना पड़ा जबकि निर्देश ये थे कि टेबिल कुर्सी की व्यवस्था की जाए, इसके लिए बोर्ड से पर्याप्त फंड भी आता है, उसके बाद भी व्यवस्थाएं नहीं बनाई जा सकीं, इसके चलते पालकों में आक्रोश है। हायरसेकेंडरी बोर्ड परीक्षा के 69 परीक्षा केन्द्रों पर पहले दिन अंग्रेजी विषय में दर्ज 22844 में से 22178 परीक्षार्थी उपस्थित हुए जबकि 666 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। शहर के शासकीय नवीन हाईस्कूल क्रमांक एक नेहरू पार्क के पीछ शिक्षा नगर परीक्षा केन्द्र का वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें परीक्षार्थी जमीन में टाटपट्टी पर बैठकर परीक्षा देते दिखाई दे रहे हैं। जबकि पूर्व कलेक्टर ने परीक्षा संबंधी बैठक में स्पष्ट निर्देश दिए थे कि परीक्षार्थियों को जमीन पर न बैठाया जाए। परीक्षाओं की व्यवस्थाओं के लिए पर्याप्त बजट शासन से आता है, उसके बाद भी छात्र- छात्राओं को जमीन पर बैठना पड़ा। ये तो शहर का परीक्षा केन्द्र हैं, तब व्यवस्थाएं नहीं हो सकी तो ग्रामीण क्षेत्र के केन्द्रों की क्या उम्मीद करें कि व्यवस्थाएं दुरस्त होंगी।

कलेक्टर ने किया अंबाह व बानमोर के परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण

कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने अंबाह व बानमोर के परीक्षा केन्द्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने परीक्षा केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया तथा यह सुनिश्चित किया कि परीक्षाएं शासन द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप, बिना किसी व्यवधान के संचालित हो रही हैं। उन्होंने केंद्राध्यक्षों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा प्रक्रिया में अनुशासन, सुरक्षा एवं पारदर्शिता सर्वोपरि रहे। कलेक्टर द्वारा जैतपुर स्कूल बानमोर, सेंट पॉल स्कूल बानमोर, पंडित नेहरू डीईडी कॉलेज बानमोर एवं आईटीआई कॉलेज मुरैना में स्थापित परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया गया। इसके अलावा कलेक्टर ने मॉडर्न कॉन्वेंट स्कूल पोरसा, बालक लोचनदास स्कूल अम्बाह, एम एलडी स्कूल अम्बाह एवं एमएलडी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अम्बाह का भी भ्रमण कर परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

जौरा में 2417 परीक्षार्थी हुए शामिल

मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल द्वारा आयोजित कक्षा 12वीं की अंग्रेजी विषय की परीक्षा मंगलवार को जौरा विकासखंड के 9 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा संपन्न हुई। यहां दर्ज कुल 2466 पंजीकृत छात्र-छात्राओं में से 2417 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 49 अनुपस्थित रहे। शासकीय सांदीपनी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्र पर एक छात्र को नकल करते हुए पकड़ा गया। नकल करते पकड़े गए छात्र की पहचान आर्यन सिकरवार के रूप में हुई है।

व्यवस्थाओं को लेकर पालकों में रोष

शासकीय नवीन हाईस्कूल क्रमांक एक में जमीन पर छात्र- छात्राओं के बैठने से पालकों में रोष व्याप्त है। पालक अवधेश पाराशर ने कहा कि हमारे बच्चे जिस स्कूल में पढ़ रहे हैं, उसमें टेबिल कुर्सी पर बैठकर पढ़े हैं, इसलिए उनको जमीन पर बैठने की आदत नहीं हैं। वहीं रामनरेश सिंह ने कहा कि कई बच्चे तो इस उम्मीद में पैड लेकर भी नहीं आए कि टेबिल कुर्सी मिलेगी लेकिन यहां तो जमीन पर बैठना पड़ रहा है जिससे लिखने में परेशानी हुई।

बोर्ड परीक्षा के पहले दिन दो फर्जी और पांच नकलची पकड़े गए हैं। शासकीय नवीन हाईस्कूल क्रमांक एक केन्द्र पर बच्चों की संख्या अधिक है, अगर वहां टेबिल कुर्सी लगवाते तो बच्चे बैठ ही नहीं पाते, इसलिए टाटपट्टी बिछानी पड़ी।

बी एस इंदौलिया, जिला शिक्षा अधिकारी