
सुनेत्रा पवार ने प्रधानमंत्री मोदी से की मुलाकात (Photo: X/@SunetraA_Pawar)
महाराष्ट्र की राजनीति में एक बड़े नेतृत्व परिवर्तन और सत्ता समीकरण की सुगबुगाहट तेज हो गई है। दिग्गज नेता अजित पवार के दुखद निधन के बाद उपमुख्यमंत्री की जिम्मेदारी संभाल रहीं सुनेत्रा पवार ने बुधवार को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरे के बाद यह लगभग साफ हो गया है कि पवार परिवार की तीसरी पीढ़ी यानी पार्थ पवार की राज्यसभा में एंट्री होने वाली है।
उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार मंगलवार रात दिल्ली पहुंचीं और बुधवार सुबह अपने दोनों बेटों पार्थ और जय पवार के साथ सक्रिय दिखीं। उन्होंने सबसे पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के कार्यकारी अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल के आवास पर प्रदेशाध्यक्ष सुनील तटकरे के साथ चर्चा की। इसके बाद सुबह 11 बजे संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनकी करीब 40 मिनट तक बैठक चली। सूत्रों के अनुसार, पीएम मोदी ने अजित पवार के योगदान को याद करते हुए शोक व्यक्त किया और भरोसा दिलाया कि एनडीए के घटक दल के रूप में बीजेपी पूरी मजबूती से एनसीपी के साथ खड़ी है।
प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात के तुरंत बाद सुनेत्रा पवार गृहमंत्री अमित शाह से मिलने पहुंचीं। इस आधे घंटे की बैठक में सबसे बड़ा फैसला पार्थ पवार को लेकर लिया गया। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि बीजेपी नेतृत्व ने पार्थ पवार को राज्यसभा भेजने के प्रस्ताव पर अपनी सहमति दे दी है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, सुनेत्रा पवार फिलहाल राज्यसभा से इस्तीफा नहीं देंगी, लेकिन भविष्य में उनके पद छोड़ने के बाद वह सीट पार्थ पवार को दी जाएगी। इस संबंध में गृह मंत्री से हरी झंडी मिलने की जानकारी सामने आई है।
पिछले कुछ समय से महाराष्ट्र की राजनीति में यह चर्चा जोरों पर थी कि क्या राष्ट्रवादी कांग्रेस के दोनों गुट (अजित पवार और शरद पवार गुट) फिर से एक हो जाएंगे। हालांकि, दिल्ली में हुई इन बैठकों के बाद पार्टी सूत्रों ने स्पष्ट कर दिया है कि फिलहाल एनसीपी के एकजुट होने का मुद्दा उनकी प्राथमिकता में नहीं है। इस दौरे ने साफ कर दिया है कि सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाला गुट अपनी स्वतंत्र पहचान बनाए रखने और बीजेपी के साथ गठबंधन को और मजबूत करने के पक्ष में है।
अजित पवार के निधन के बाद पार्टी के भीतर नेतृत्व को लेकर जो शून्यता पैदा हुई थी, उसे भरने की तैयारी पूरी कर ली गई है। बताया जा रहा है कि अगले एक महीने के भीतर सुनेत्रा पवार को आधिकारिक तौर पर एनसीपी का राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना जा सकता है।
Updated on:
12 Feb 2026 02:17 pm
Published on:
12 Feb 2026 02:16 pm
बड़ी खबरें
View Allमुंबई
महाराष्ट्र न्यूज़
ट्रेंडिंग
सुनवाई के बाद राजपाल यादव के वकील का बड़ा दावा, बोले- आधे पैसे दे दिए…, जानें क्यों नहीं मिली जमानत?

