5 जून 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मुंबई, Jun 03, 2026

समर कैंप में गई मासूम की जान! पिच तैयार करते समय रोलर के नीचे दबा आरव, दो कोच पर केस दर्ज

महाराष्ट्र के सोलापुर जिले में पिच रोलर के नीचे आ जाने से 15 वर्षीय आरव की मौत हो गई। इस मामले में दो कोच और क्रिकेट संघों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज किया गया है।

Cricket Pitch Roller Accident Maharashtra

पिच रोलर के नीचे दबकर 15 वर्षीय खिलाड़ी की मौत (Photo: X/AI)

महाराष्ट्र के सोलापुर जिले से एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। बार्शी शहर में चल रहे एक समर क्रिकेट कैंप के दौरान भारी-भरकम पिच रोलर के नीचे दबने से 15 वर्षीय लड़के की मौत हो गई है। इस दर्दनाक हादसे के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो क्रिकेट कोच और संबंधित क्रिकेट संघों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।

अभ्यास सत्र के दौरान हुआ हादसा

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, इस भयानक दुर्घटना में अपनी जान गंवाने वाले नाबालिग बच्चे की पहचान आरव उर्फ वीरेन चौधरी के रूप में हुई है। यह घटना 30 मई की सुबह उस समय हुई जब अभ्यास सत्र के लिए पिच तैयार किया जा रहा था। आरव अन्य बच्चों के साथ मिलकर क्रिकेट पिच को तैयार करने के लिए एक भारी-भरकम लोहे के रोलर को खींच रहा था। इसी दौरान अचानक आरव का संतुलन बिगड़ गया और वह रोलर के नीचे आ गया। उसे बेहद गंभीर चोटें आईं।

लापरवाही और सुरक्षा उपायों की कमी बनी जानलेवा

बार्शी शहर पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि मैदान पर मौजूद बच्चे अपने क्रिकेट प्रशिक्षकों (कोच) के कहने पर ही उस भारी-भरकम पिच रोलर को खींचने का काम कर रहे थे। सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि इस बेहद जोखिम भरे काम के दौरान मैदान पर बच्चों की सुरक्षा या उनकी निगरानी के लिए कोई भी वयस्क पर्यवेक्षक मौजूद नहीं था। बिना किसी सुरक्षा इंतजामों के बच्चों से रोलर खिंचवाया जा रहा था, जो आखिरकार मासूम की मौत की वजह बना।

उधर, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार समझ ही नहीं पा रहा है कि कैसे लापरवाही के चलते हुए हादसे ने उनके लाडले को छीन लिया।

क्रिकेट कोच और एसोसिएशन पर एफआईआर

इस लापरवाही को संज्ञान में लेते हुए बार्शी शहर पुलिस ने सख्त रुख अख्तियार किया है। पुलिस ने दोनों क्रिकेट कोच और इस कैंप का संचालन करने वाले क्रिकेट संघों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 के तहत गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

बता दें कि पिछले साल भी पुणे में ऐसी ही एक घटना सामने आई थी। तब एक निजी खेल अकादमी में अभ्यास के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण 14 वर्षीय छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया था। उस मामले में भी पुलिस ने लापरवाही बरतने और बच्चों की सुरक्षा दांव पर लगाने के आरोप में प्रबंधन और कोच के खिलाफ केस दर्ज किया था।

कमेंट्स

कोई कमेंट नहीं है।

पहले कमेंट करने वाले बनें।

कृपया पक्का करें कि आपका कमेंट हमारे नियमों एवं शर्तों के मुताबिक हो।
ट्रेंडिंग वीडियो

संबंधित खबरें