भारत, Jun 06, 2026

Cockroach Janta Party Protest (CJP/X)
Cockroach Janta Party Protest: शिक्षा व्यवस्था में गड़बड़ियों और परीक्षा विवादों के खिलाफ जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) को लेकर एक नया विवाद सामने आया है। सोशल मीडिया पर दावा किया गया कि संगठन के संस्थापक अभिजीत दीपके ने दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचने के बाद VIP ट्रीटमेंट की मांग की और अधिकारियों के साथ बहस की। हालांकि, CJP ने इन आरोपों को पूरी तरह झूठा और भ्रामक बताते हुए खारिज कर दिया है।
अभिजीत दीपके अमेरिका से दिल्ली पहुंचे हैं जहां उन्होंने शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित प्रदर्शन में हिस्सा लिया है। इसी बीच सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें दावा किया गया कि दीपके ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (IGI) पर विशेष सुविधा की मांग की थी।
वायरल पोस्ट में कहा गया कि अभिजीत दीपके एयरपोर्ट पर काफी देर तक GMR अधिकारियों से बहस करते रहे। दावा यह भी किया गया कि उन्होंने अपनी गाड़ी को एयरपोर्ट परिसर के अंदर तक लाने की मांग की और जब तक ऐसा नहीं हुआ, तब तक वहां से जाने से इनकार कर दिया।
इस पोस्ट के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं और मामला चर्चा का विषय बन गया।
इन दावों पर प्रतिक्रिया देते हुए कॉकरोच जनता पार्टी ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर सफाई जारी की। संगठन ने कहा कि अभिजीत दीपके ने किसी भी तरह की VIP सुविधा नहीं मांगी और सोशल मीडिया पर फैलाया जा रहा दावा पूरी तरह गलत है।
CJP ने कहा कि आंदोलन को बदनाम करने और उसकी छवि खराब करने के लिए इस तरह की भ्रामक जानकारी फैलाई जा रही है। संगठन ने ऐसे प्रयासों की निंदा करते हुए कहा कि यह उनके अभियान को कमजोर करने की कोशिश है।
अभिजीत दीपके शनिवार को दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन में शामिल हुए। यह प्रदर्शन NEET-UG पेपर लीक विवाद, CBSE की OSM मूल्यांकन प्रणाली को लेकर उठे सवालों और अन्य परीक्षा संबंधी मुद्दों को लेकर आयोजित किया गया है।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में छात्र, युवा और अभिभावक शामिल हुए। कई प्रदर्शनकारी कॉकरोच मास्क पहने हुए नजर आए, जबकि कुछ लोग हाथों में फूल लेकर पहुंचे। आयोजन स्थल पर सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए है।
दिल्ली पहुंचने के बाद अभिजीत दीपके ने मीडिया से बातचीत में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग दोहराई। उन्होंने कहा कि परीक्षा विवादों और शिक्षा व्यवस्था की खामियों का असर लाखों छात्रों पर पड़ा है।
दीपके ने दावा किया कि हाल के घटनाक्रमों से छात्रों में निराशा बढ़ी है और कई परिवारों को मानसिक तनाव का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि इसी वजह से जवाबदेही तय होना जरूरी है।
प्रदर्शन से पहले CJP ने अपने समर्थकों के लिए विस्तृत गाइडलाइन भी जारी की थी। संगठन ने प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने, कानून का सम्मान करने और किसी भी तरह की हिंसा या टकराव से बचने की अपील की थी।
दीपके ने भी अपने समर्थकों से कहा था कि वे पुलिस और प्रशासन के साथ सम्मानजनक व्यवहार करें और आंदोलन को पूरी तरह शांतिपूर्ण बनाए रखें।
CJP का कहना है कि उसका आंदोलन किसी राजनीतिक दल के खिलाफ नहीं, बल्कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग के लिए है। संगठन का दावा है कि NEET, CBSE और अन्य परीक्षाओं से जुड़े विवादों ने छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है।
इसी मुद्दे को लेकर जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवाओं की भागीदारी देखने को मिली। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल हुए VIP ट्रीटमेंट वाले दावे को लेकर CJP ने स्पष्ट कर दिया है कि अभिजीत दीपके ने ऐसी कोई मांग नहीं की थी और यह खबर पूरी तरह फर्जी है।
संबंधित विषय:
Updated on: 06 Jun 2026 04:48 pm


कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।