लुधियाना, Jun 06, 2026

लुधियाना में ट्रेन हादसा (X)
Ludhiana Special Train Incident: लुधियाना रेलवे स्टेशन पर शनिवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई जब नई दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी कटरा जा रही स्पेशल ट्रेन (04081) में तकनीकी खराबी आ गई। जैसे ही ट्रेन स्टेशन से आगे बढ़ी, दो डिब्बों को जोड़ने वाली कपलिंग अचानक टूट गई, जिससे तेज आवाज और जोरदार झटका महसूस किया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कपलिंग टूटने के तुरंत पहले और बाद में तेज धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। इस आवाज से यात्रियों में दहशत फैल गई और कई लोग घबराकर अपने-अपने कोच से बाहर निकलने लगे। कुछ यात्रियों ने बताया कि आवाज इतनी तेज थी कि शुरुआत में उन्हें किसी बड़ी अनहोनी का अंदेशा हो गया।
कपलिंग टूटने के कारण ट्रेन के दो हिस्से अलग हो गए और स्लीपर कोच में झटका लगने से शौचालय (टॉयलेट) को नुकसान पहुंचा। अचानक हुए इस घटनाक्रम से पूरी ट्रेन में चीख-पुकार और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF), जीआरपी और कमिश्नरेट पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। रेलवे के तकनीकी अधिकारी भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया। फिलहाल ट्रेन संचालन को सामान्य करने की कोशिश की जा रही है।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि ट्रेन के आगे बढ़ते समय कपलिंग पर अत्यधिक दबाव पड़ने से यह टूट गई होगी। हालांकि, यात्रियों का दावा है कि कपलिंग टूटने से पहले धमाके जैसी तेज आवाज सुनाई दी थी, जिससे कई सवाल खड़े हो गए हैं। फिलहाल रेलवे प्रशासन ने किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से इनकार किया है और मामले की गहन जांच जारी है कि यह पूरी घटना तकनीकी खराबी का परिणाम है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।
गौरतलब है कि आज ऑपरेशन ब्लू स्टार की बरसी को लेकर पहले से ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट पर हैं। पंजाब में विभिन्न संगठनों द्वारा मार्च निकालने की घोषणा के चलते सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई है। इसी बीच रेलवे स्टेशन पर हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा तेज कर दी है। हालांकि, पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है, जिसमें किसी भी संभावित एंगल को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है।
संबंधित विषय:
Updated on: 06 Jun 2026 12:12 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।