
कांग्रेस की बैठक में शामिल नहीं हुए शशि थरूर (Photo-X)
kerala assembly election: केरल में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर की नाराजगी की बात खबरें सामने आ रही हैं। विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर आज पार्टी की एक बैठक हुई थी, जिसमें थरूर शामिल नहीं हुए। यह बैठक दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और राहुल गांधी के साथ प्रस्तावित थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, बैठक दोपहर 2:30 बजे शुरू हुई थी। इससे पहले दिनभर यह चर्चा रही कि थरूर वर्चुअली शामिल हो सकते हैं। उनके करीबी सूत्रों ने बताया कि उनकी पहले से तय भागीदारी क्योंकि कोझिकोड में एक साहित्य महोत्सव में थी, इसलिए वह मौजूद नहीं हो पाए। बताया जा रहा है कि शशि थरूर ने पार्टी को अपनी व्यस्तता की जानकारी पहले ही दे दी थी।
वहीं हाल ही में कोच्चि में महापंचायत का आयोजन हुआ था। इस पंचायत कार्यक्रम में शशि थरूर को बैठने की व्यवस्था पर आपत्ति थी। उनका मानना था कि यह व्यवस्था प्रोटोकॉल के मुताबिक नहीं थी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्हें कार्यक्रम स्थल पर 15 मिनट पहले पहुंचने और अपना भाषण जल्दी खत्म करने के निर्देश दिए गए थे, जिससे वे असहज महसूस कर रहे थे।
बता दें कि शशि थरूर हाल के समय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार की कुछ नीतियों की तारीफ करने को लेकर कांग्रेस नेतृत्व के निशाने पर रहे हैं। इनमें 22 अप्रैल के पहलगाम आतंकी हमले के बाद सरकार की कार्रवाई और ‘ऑपरेशन सिंदूर’ को लेकर दिए गए उनके बयान शामिल हैं। इसके अलावा, पार्टी और नेतृत्व पर मीडिया में की गई उनकी कुछ टिप्पणियों ने भी विवाद बढ़ाया।
हालांकि कांग्रेस को डर है कि यदि शशि थरूर पर कार्रवाई की जाती है तो पार्टी के अंदर आंतरिक कलह होगी। तिरुवनंतपुरम की 14 विधानसभा सीटों पर भी शशि थरूर का वर्चस्व है। इसलिए थरूर का जाना पार्टी के लिए नुकसान हो सकता है।
बता दें कि लगातार शशि थरूर के दूसरी पार्टी में जाने की खबरें भी सामने आती रहती है। लेकिन थरूर ने इन अटकलों को सिरे से खारिज किया है। पिछले साल एक मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा था कि वह 16 साल से कांग्रेस और उसकी विचारधारा के प्रति पूरी तरह वफादार हैं।
Published on:
23 Jan 2026 05:24 pm
बड़ी खबरें
View Allबिहार चुनाव
राष्ट्रीय
ट्रेंडिंग
