चेन्नई, Jun 06, 2026

के.अन्नामलाई(फोटो-IANS)
Tamil Nadu Politics: तमिलनाडु की राजनीति में पूर्व बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष के. अन्नामलाई के इस्तीफे के बाद सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। के. अन्नामलाई के इस्तीफा देने के बाद राज्य के कई नेताओं ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है। राज्य उपाध्यक्ष करु नागराजन, राज्य सचिव सुमति वेंकटेश समेत कई नेताओं ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। अब इसे लेकर तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने बड़ा बयान दिया है। मीडिया से बात करते हुए नागेंद्रन ने कार्यकर्ताओं और नेताओं से पार्टी नहीं छोड़ने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बीजेपी एक मजबूत और विचारधारा आधारित पार्टी है, इसलिए किसी एक नेता के जाने से पार्टी पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ने वाला। चेन्नई में मीडिया से बातचीत करते हुए नागेंद्रन ने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ता किसी दूसरे राजनीतिक दल या नए आंदोलन की ओर न जाएं। उन्होंने पार्टी की ताकत का जिक्र करते हुए कहा कि बीजेपी दुनिया की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टियों में से एक है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसे लोकप्रिय और विश्व का नंबर-1 नेता हमारे पास हैं।
नागेंद्रन ने साफ शब्दों में कहा कि अन्नामलाई के जाने से पार्टी कमजोर नहीं होगी। उन्होंने कहा कि पहले भी कई नेता पार्टी छोड़ चुके हैं और बाद में वापस लौटे हैं। इसलिए मौजूदा हालात को लेकर ज्यादा चिंता करने की जरूरत नहीं है। दरअसल, यह बयान ऐसे समय आया है जब अन्नामलाई ने बीजेपी से अलग होने के बाद अपनी नई राजनीतिक पहल की शुरुआत की है। उन्होंने 'वी द लीडर्स' नाम से एक नया आंदोलन शुरू किया है, जिसका उद्देश्य आम लोगों, प्रोफेशनल टेक्नोक्रैट लोगों को राजनीति और शासन व्यवस्था में अधिक से अधिक लाना है।
पूर्व आईपीएस अधिकारी अन्नामलाई पिछले कुछ सालों से तमिलनाडु में बीजेपी का प्रमुख चेहरा रहे हैं। उन्होंने राज्य में पार्टी अध्यक्ष की जिम्मेदारी भी संभाली है। उन्होंने राज्य में पार्टी का जनाधार बढ़ाने के लिए कई अभियान चलाए थे। दिलचस्प बात यह है कि बीजेपी से अलग होने के बावजूद अन्नामलाई ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति सम्मान जताया है। उन्होंने कहा है कि उनका फैसला किसी व्यक्तिगत मतभेद का परिणाम नहीं है, बल्कि एक नई राजनीतिक दिशा की शुरुआत है। इस्तीफे से पहले वो बीजेपी अध्यक्ष नितिन नबीन, गृह मंत्री अमित शाह सहित कई बड़े नेताओं से मिले थे।
Updated on: 06 Jun 2026 07:44 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।