
प्रतीकात्मक तस्वीर
Modinagar mystery death: गाजियाबाद के मोदीनगर से आई एक घटना ने सबको हैरान कर दिया है। यहां एक 25 साल के मधुर यादव की जलने से मौत हो गई, लेकिन अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि उसने आत्महत्या की या किसी ने उसकी हत्या की। इस मामले में पुलिस और परिवार के दावे अलग-अलग हैं। पुलिस का कहना है कि यह आत्महत्या का मामला है, लेकिन वहीं परिजनों का कहना है कि मधुर पर पेट्रोल डालकर उसे जिंदा जला दिया गया है। यह मामला तब और तूल पकड़ गया जब युवक के मोबाइल फोन से कुछ ऐसी जानकारियां सामने आईं हैं जिनसे इस केस में और सवाल खड़े हो गए हैं।
मधुर यादव शनिवार शाम करीब सात बजे घर से यह निकलकर निकला था कि वह गोविंदपुरी कॉलोनी जा रहा है। रात नौ बजे परिजनों से उसकी आखिरी बात हुई, जिसमें उसने जल्द लौटने की बात कही। इसके बाद उसका मोबाइल फोन अचानक बंद हो गया। परेशान परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। कुछ ही देर बाद सूचना मिली कि निवाड़ी रोड पर फायर स्टेशन के पीछे एक युवक आग की लपटों में घिरा सड़क की ओर भागता हुआ देखा गया है। स्थानीय लोगों ने किसी तरह आग बुझाकर उसे अस्पताल पहुंचाया।
हॉस्पिटल में भर्ती होने के बाद मधुर यादव ने अपने परिजनों को बताया कि उस पर जानलेवा हमला किया गया है। उसने आरोप लगाया कि अभिषेक नाम के युवक ने पहले उसकी आंखों में मिर्च जैसा पाउडर डाला, फिर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। मधुर की हालत लगातार बिगड़ती चली गई, जिसके बाद डॉक्टरों ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया। रविवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस बयान के आधार पर परिजनों ने मोदीनगर थाने में शिकायत दर्ज करवाकर कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस जांच में मधुर के मोबाइल फोन की सर्च हिस्ट्री देखी गई और उससे यह पूरा मामला और उलझ गया है। पुलिस के अनुसार, युवक के फोन में आत्महत्या से संबंधित 25 वीडियो मिले। वह पिछले 15 दिन से कम दर्द में मरने के तरीके खोज रहा था। उसकी सर्च हिस्ट्री में आत्महत्या कैसे की जाती है और कम दर्द में जान देने के तरीके क्या हो सकते हैं, इस तरह की जानकारी सर्च की गई थी। उसके यूट्यूब सर्च में जहर खाने, आग लगाने, नस काटने और गोली मारने जैसे शब्द मिले हैं। इसके आधार पर पुलिस इस केस को आत्महत्या मान रही है।
पुलिस को उसके मोबाइल फोन में एक लड़की के साथ की गई चैट मिली है, जिसमें वह उससे शादी की बातें करता नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि घरवाले इस रिश्ते से खुश नहीं थे और इसी वजह से मधुर काफी परेशान रहता था। जानकारी के अनुसार, मधुर के पिता दिल्ली में सिंचाई विभाग में क्लर्क पद पर कार्यरत हैं। उनके बेटे मधुर का राजस्थान हाईकोर्ट में स्टेनो के पद पर चयन हो गया था और एक सप्ताह के अंदर उनकी जॉइनिंग थी, लेकिन उससे पहले ही यह वारदात हो गई।
Published on:
02 Feb 2026 04:58 pm
बड़ी खबरें
View Allनई दिल्ली
दिल्ली न्यूज़
ट्रेंडिंग
