8 फ़रवरी 2026,

रविवार

Patrika Logo
Switch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

डिजिटल लूट का खेल: बिटक्वाइन में कमाई का झांसा, स्कूल टीचर से 1.74 लाख की ठगी

टेलीग्राम के जरिए फंसाया, मुनाफा दिखाकर और पैसे ऐंठते रहे ठग

2 min read
Google source verification
टेलीग्राम के जरिए फंसाया, मुनाफा दिखाकर और पैसे ऐंठते रहे ठग

टेलीग्राम के जरिए फंसाया, मुनाफा दिखाकर और पैसे ऐंठते रहे ठग

टेलीग्राम के जरिए फंसाया, मुनाफा दिखाकर और पैसे ऐंठते रहे ठग

ग्वालियर. क्रिप्टो करेंसी में मोटे मुनाफे का झांसा देकर साइबर ठगों ने शहर के एक स्कूल शिक्षक से 1 लाख 74 हजार रुपये की ठगी कर ली। ठगों ने पहले थोड़ी रकम पर मुनाफा दिखाकर भरोसा जीता और फिर रकम निकालने के नाम पर लगातार नए-नए बहाने बनाकर पैसे ऐंठते रहे। जब पीड़ित को शक हुआ और उन्होंने पैसा देना बंद किया, तब जाकर पूरा मामला सामने आया। पीड़ित ने मुरार थाने में शिकायत दर्ज कराई है।

कृष्णपुरी, मुरार निवासी गौरव शर्मा (31) ने पुलिस को बताया कि वह पेशे से स्कूल टीचर हैं। 7 जनवरी को उनके मोबाइल पर टेलीग्राम एप के जरिए एक मैसेज आया, जिसमें कहा गया था कि रात के फुर्सत के समय में बिटक्वाइन ट्रेडिंग कर अच्छी कमाई की जा सकती है। मैसेज पढ़कर उन्होंने बातचीत शुरू की और ठगों के झांसे में आकर पहले चरण में 38 हजार रुपये निवेश कर दिए।

कुछ दिन बाद ठगों ने उन्हें बताया कि उनकी रकम पर मुनाफा हो गया है और निवेश की राशि 45 हजार रुपये हो चुकी है। मोबाइल स्क्रीन पर उन्हें मुनाफे की रकम भी दिखाई गई, जिससे उनका भरोसा और मजबूत हो गया। इसके बाद जब उन्होंने अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो ठगों ने बहाना बनाकर विड्राल रोक दिया।

पैसा निकालने से पहले और रकम जमा कराने का दबाव

गौरव शर्मा ने बताया कि विड्राल की बात करने पर ठगों ने कहा कि उनके अकाउंट में बैलेंस कम है और पैसा निकालने से पहले 58 हजार रुपये और जमा करने होंगे। ठगों की बातों में आकर उन्होंने यह रकम भी जमा कर दी। इसके बाद ठगों ने एक और बहाना बनाया और कहा कि उनका अकाउंट फ्रीज हो गया है, जिसे अनफ्रीज करने के लिए 78 हजार रुपये और देने होंगे।

लगातार नई-नई शर्तें और पैसों की मांग होने पर गौरव को पूरे मामले पर शक हुआ। जब काफी समय बीत जाने के बाद भी उनकी जमा की गई रकम नहीं निकाली जा सकी, तो उन्होंने ठगों को पैसा देना बंद कर दिया और सीधे मुरार थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

पुलिस ने शुरू की जांच, सावधानी की अपील

पुलिस ने शिकायत के आधार पर अज्ञात साइबर ठगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि टेलीग्राम, व्हाट्सएप और सोशल मीडिया के जरिए आने वाले निवेश संबंधी ऑफर्स से लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। बिना सत्यापन किसी भी लिंक, एप या स्कीम में निवेश न करें, क्योंकि ऐसे मामलों में ठग फर्जी ऐप और नकली ट्रेडिंग प्लेटफॉर्म दिखाकर लोगों को आसानी से शिकार बना लेते हैं।