
इंडिया ओपन की तैयारियों पर खड़े हुए सवाल (photo - BAI)
India Open Match stopped due to bird poop: इंडिया ओपन बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर सुपर 750 इवेंट बैडमिंटन एसोसिएशन ऑफ इंडिया (BAI) द्वारा इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम में आयोजित किया जा रहा है। इस टूर्नामेंट ने एक बार फिर कुछ ऐसी शर्मनाक घटनाएं हुई हैं। जिसने ऐसे मेगा इवैंट की तैयारियों पर सवाल खड़े किए हैं। एक तरफ जहां सरकार ओलंपिक होस्ट करने के दावे कर रही है। वहीं दूसरी ओर ऐसी कमियां निराशाजनक हैं।
गुरुवार को राउंड ऑफ 16 में एच एस प्रणय और सिंगापुर के लोह कीन यू के बीच खेले जा रहे मैच को दो बार रोकना पड़ा। वजह कोर्ट के ऊपर बैठे कबूतर बार बार बीट टपका रहे थे। पहली बार पहले गेम के अंत में और दूसरी बार तीसरे गेम की शुरुआत में मैच रोका गया। मुख्य टीवी कोर्ट पर यह घटना हुई, जहां अधिकारी कोर्ट साफ करने के लिए दौड़े। मैच के बाद मिक्स्ड ज़ोन में प्रणॉय ने पुष्टि की, “यह पक्षियों की बीट थी, जिसकी वजह से खेल रुका।"
वर्ल्ड चैम्पियन लोह कीन यू ने प्रणॉय को हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। मैच के बाद कीन यू ने दिल्ली के मौसम पर तंज कसा। उन्होंने कहा, "शायद यहां की धुंध की वजह से सभी की स्टैमिना दो स्तर तक गिर गई है। मलेशिया में मैं ठीक था, लेकिन यहां आने के बाद मेरी सेहत प्रभावित हुई है।"
यह घटना अकेली नहीं है। टूर्नामेंट की शुरुआत में ही स्टेडियम की स्वच्छता, खराब वायु गुणवत्ता, अत्यधिक ठंड और स्टैंड में बंदर दिखने जैसी शिकायतें सामने आई थीं। डेनमार्क की मिया ब्लिचफेल्ट ने पहले ही कोर्ट पर गंदगी और पक्षियों की समस्या पर सवाल उठाए थे, जबकि विश्व के दूसरे नंबर के खिलाड़ी एंडर्स एंटोनसन ने कहा कि उन्होंने शहर में प्रदूषण के संकट की वजह से इंडिया ओपन से नाम वापस ले लिया है, और साथ ही यह भी कहा कि दिल्ली इस समय बैडमिंटन टूर्नामेंट की मेजबानी के लिए उपयुक्त नहीं है।
इन मुद्दों के बावजूद BWF ने अगस्त में इसी स्टेडियम में होने वाली वर्ल्ड चैंपियनशिप की मेजबानी पर भरोसा जताया है। BWF के बयान में कहा गया है कि खिलाड़ियों और टीमों से फीडबैक लिया गया, जिसमें सकारात्मक और सुधार-संबंधी दोनों टिप्पणियां शामिल हैं। फेडरेशन ने कहा, "इस हफ्ते धुंध और ठंड जैसी मौसमी चुनौतियां आईं, जिनका असर वायु गुणवत्ता और स्टेडियम के तापमान पर पड़ा। लेकिन इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स कोडी जाधव स्टेडियम की तुलना में बड़ा अपग्रेड है, इंफ्रास्ट्रक्चर बेहतर है, खिलाड़ियों को अधिक जगह मिल रही है और यह BWF के फील्ड ऑफ प्ले मानकों को पूरा करता है।"
BWF ने स्वच्छता, पशु नियंत्रण और सामान्य सफाई जैसे क्षेत्रों में सुधार की जरूरत मानी, लेकिन BAI की तुरंत कार्रवाई की सराहना की। खिलाड़ियों ने भी खेल सतह, फ्लोरिंग, जिम और मेडिकल सुविधाओं में सुधार की पुष्टि की है। BAI के महासचिव संजय मिश्रा ने 'द इंडियन एक्सप्रेस' से कहा, “इंडिया ओपन वर्ल्ड चैंपियनशिप के लिए टेस्ट इवेंट था। इस हफ्ते के अनुभव से हम सीखेंगे और अगस्त में सब कुछ बेहतर बनाएंगे। ठंड अगस्त में नहीं होगी, स्टेडियम में एयर कंडीशनिंग है और अब हीटर भी लगाए गए हैं। रहने, खेल क्षेत्र, खाने और ट्रांसपोर्ट जैसी मुख्य सुविधाएं अच्छी रहीं। बंदर जैसी अचानक समस्या से निपटने के लिए अब दिन-रात अधिक गार्ड तैनात किए जाएंगे। सफाई में और सुधार होगा। खेल मंत्रालय और BWF के साथ बैठकें होंगी, सभी मुद्दे ठीक करेंगे।”
Published on:
16 Jan 2026 07:17 am
बड़ी खबरें
View Allअन्य खेल
खेल
ट्रेंडिंग
