3 फ़रवरी 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
Switch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Bihar Budget 2026: शपथ लेकर सदन से सीधे जेल लौटे अनंत सिंह, जाते-जाते तेजस्वी पर भी कस दिया तंज, कहा- अगली बार…

Bihar Budget: बाहुबली अनंत सिंह ने मंगलवार को विधानसभा में विधायक पद की शपथ ली। शपथ लेने के बाद जेल लौटने से पहले उन्होंने तेजस्वी यादव पर तंज कसा और खुद को निर्दोष बताया। 

2 min read
Google source verification

पटना

image

Anand Shekhar

Feb 03, 2026

bihar budget 2026

बिहार विधानसभा में बाहुबली विधायक अनंत सिंह

Bihar Budget 2026: बिहार के बाहुबली नेता और मोकामा से JDU विधायक अनंत सिंह ने मंगलवार को बजट सत्र के दूसरे दिन बिहार विधानसभा में विधायक पद की शपथ ली। शपथ लेने के बाद वह सीधे बेउर जेल लौट गए, लेकिन इससे पहले उन्होंने विपक्ष, खासकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर करारा तंज कसा।

अनंत सिंह का तेजस्वी पर तंज

शपथ ग्रहण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद जब अनंत सिंह जेल लौटने के लिए निकल रहे थे, तो मीडियाकर्मियों ने उन्हें घेर लिया। तेजस्वी यादव द्वारा सरकार को घेरने और अपराध के मुद्दे पर किए जा रहे सवालों पर अनंत सिंह ने अपने बेबाक अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने तेजस्वी पर तंज कसते हुए कहा, "इस बार (RJD) को इतनी सीटें मिल गई हैं, लेकिन अगली बार उन्हें (तेजस्वी) किसी और पार्टी से टिकट लेकर चुनाव लड़ना पड़ेगा। उनके पास कहने के लिए कुछ नहीं है।"

विपक्ष के बयान बेबुनियाद- अनंत सिंह

विपक्ष के आरोपों पर जवाब देते हुए अनंत सिंह ने कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है, इसलिए वे बेबुनियाद बयान दे रहे हैं। अनंत सिंह ने आगे कहा कि विपक्ष सिर्फ हवा में आरोप लगा रहा है। बिहार में कानून व्यवस्था की स्थिति बेहतर है और यहां 'निश्चित प्रशासन' की सरकार है।

हम बेगुनाह हैं, न्याय जरूर मिलेगा - अनंत सिंह

दुलारचंद यादव हत्याकांड के सिलसिले में पिछले तीन महीनों से न्यायिक हिरासत में चल रहे अनंत सिंह ने खुद को बेगुनाह बताया। उन्होंने कहा, "हमें न्याय व्यवस्था पर पूरा भरोसा है। हम बेगुनाह हैं, और न्याय जरूर मिलेगा।"

कड़ी सुरक्षा के बीच जेल से विधानसभा

गौरतलब है कि अनंत सिंह फिलहाल बेउर जेल में बंद हैं। पटना सिविल कोर्ट से इजाजत मिलने के बाद, उन्हें कड़ी सुरक्षा के बीच एम्बुलेंस में बिहार विधानसभा लाया गया। माथे पर बड़ा सा तिलक लगाए अनंत सिंह सदन में दाखिल हुए। वहां उन्होंने बिना किसी नोट को देखे धाराप्रवाह शपथ ली। शपथ ग्रहण के दौरान सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों की नजरें उन पर टिकी रहीं।

सीएम के पैर छूए

शपथ लेने के बाद, अनंत सिंह ने विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार से हाथ मिलाया और फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर रुख किया। मुख्यमंत्री के पास जाकर अनंत सिंह ने झुककर उनके पैर छुए और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान अनंत सिंह कुछ देर तक मुख्यमंत्री के सामने हाथ जोड़कर खड़े रहे और उनके बीच थोड़ी बातचीत हुई। नीतीश कुमार ने भी मुस्कुराकर उनका अभिवादन स्वीकार किया।

बेउर जेल वापस लौटे

शपथ ग्रहण और मीडिया से मुखातिब होने के बाद, पुलिस टीम अनंत सिंह को कड़ी सुरक्षा में बेउर जेल वापस ले गई। उन्हें एम्बुलेंस में जेल वापस ले जाया गया, जहां वे न्यायिक हिरासत में रहेंगे।