भारत, Jun 07, 2026

पेपर लीक का राष्ट्रीय संकट करोड़ों अभ्यर्थी प्रभावित(photo,AI)
Paper Leak In India Explainer in Hindi : सरकारी नौकरियों और बड़े संस्थानों में प्रवेश पाने के लिए देश के करोड़ों युवा और उनके परिवार दिन-रात एक कर देते हैं, लेकिन आज युवाओं के सामने परीक्षा पास करना बड़ी चुनौती नहीं ,बल्कि देश की बिगड़ी हुई परीक्षा प्रणाली बन चुकी है। इंडियन एक्सप्रेस रिपोर्ट के मुताबिक, पिछले 24 सालों में 45 बड़े पेपर लीक और घोटालों में करोड़ों युवाओं के भविष्य को अधर में लटका दिया। इतने बड़े और व्यापक स्तर के घोटालों में से अब तक सिर्फ दो मामलों में ही दोषियों को सजा मिल पाई है। ऐसे में यह गंभीर सवाल खड़ा होता है कि व्यवस्था की इस नाकामी के कारण युवाओं के टूटे सपनों और उनकी बर्बाद होती मेहनत की कीमत आखिर कौन चुकाएगा?
भारत में पिछले दो दशकों से सरकारी नौकरियों और कॉलेज दाखिले की परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक होने की मामले सामने आ रहे हैं। पिछले 24 सालों में करीब 45 बड़े मामले सामने आए हैं, जिनमें से ज्यादातर परीक्षाओं में 1 लाख से ज्यादा उम्मीदवार शामिल हुए थे। मेडिकल-इंजीनियरिंग की प्रवेश परीक्षाएं हों या बोर्ड और सरकारी भर्ती की परीक्षाएं, इस समस्या ने हर जगह युवाओं का भरोसा तोड़ा है। पेपर लीक के मामलों की वजह से 3 करोड़ 86 लाख से ज्यादा छात्रों का भविष्य और मेहनत प्रभावित हुई है।
पेपर लीक मामलों में न्याय मिलने की रफ्तार बहुत धीमी रही। आंकड़ों के मुताबिक, 10,658 लोगों को गिरफ्तार किया गया और 925 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट भी दाखिल हुई। लेकिन इसके बावजूद केवल 18 लोगों को दोषी ठहराया जा सका और 32 आरोपी बरी हो गए और 43 अब भी न्यायिक हिरासत में हैं। कुल 45 बड़े मामलों में से सिर्फ 2 मामलों में ही अदालत दोषियों को सजा सुना पाई। इसका मतलब है कि एक तरफ करोड़ों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ हुआ, वहीं दूसरी तरफ गुनहगारों को सजा मिलने की दर बहुत कम रही है।
आंकड़े बताते हैं कि पेपर लीक की समस्या किसी एक सरकार या राजनीतिक दल तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे सिस्टम की नाकामी बन चुकी है। जांच के मुताबिक, कुल 45 बड़े मामलों में से 23 मामले भाजपा शासित सरकारों के दौरान हुए, 14 मामले कांग्रेस शासित सरकारों के कार्यकाल में सामने आए, और बाकी बचे मामले अन्य क्षेत्रीय दलों के शासनकाल में हुए। युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाला यह नेटवर्क राजनीतिक पूरे प्रशासनिक तंत्र में फैला हुआ है।
पेपर लीक के मामलों में उत्तर प्रदेश और राजस्थान सबसे आगे रहे हैं। कुल बड़े मामलों में से अकेले उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा 11 मामले सामने आए हैं, राजस्थान 7 मामलों के साथ इस सूची में दूसरे नंबर पर है। इसके अलावा गुजरात में भी 3 बड़े मामले दर्ज किए गए हैं। राजस्थान में सरकारी भर्ती परीक्षाओं को लेकर लगातार विवाद और लंबी जांच का दौर देखने को मिला है।
एक परीक्षा जब रद्द होती है, तो केवल तारीख नहीं बदलती, बल्कि युवाओं की पूरी जिंदगी बदल जाती है। रिपोर्ट बताती है कि पेपर लीक के बाद दोबारा परीक्षा आयोजित करने में औसतन 183 दिन लगभग 6 महीने का समय लग जाता है, और कुछ मामलों में तो छात्रों को चार-चार साल तक का लंबा इंतजार करना पड़ा है। अगर कोई युवा 24 साल की उम्र में परीक्षा देता है, तो दोबारा परीक्षा और उसके फैसले आते-आते वह 28 साल का हो जाता है। कई उम्मीदवारों की सरकारी नौकरी पाने की तय उम्र सीमा ही खत्म हो जाती है। पेपर लीक से युवाओं का सिर्फ समय और पैसा ही बर्बाद नहीं होता, बल्कि उनका पूरा करियर और भविष्य हमेशा के लिए तबाह हो जाता है।
पेपर लीक की यह समस्या कोई नई बात नहीं है। साल 2002 में रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) की परीक्षा का पेपर लीक हुआ था, जिसे रद्द करना पड़ा, लेकिन इस पर फैसला पूरे 23 साल बाद 2025 में आया। इसी तरह, 2010 में रेलवे भर्ती बोर्ड मुंबई की परीक्षा का पेपर लीक होने से लगभग 5 लाख छात्रों का भविष्य अधर में लटक गया था, और इस मामले का फैसला भी 14 साल बाद 2024 में आ पाया। इन दोनों मामलों में दोषियों को सजा तो मिली, लेकिन बाद में उन्हें जमानत भी मिल गई। गिने-चुने मामलों को न्याय की मिसाल या सफलता माना जाता है, वहां भी इंसाफ मिलने की प्रक्रिया में कई दशक लग जाते हैं।
देश की सबसे बड़ी और प्रतिष्ठित परीक्षाएं भी इन विवादों से बच नहीं पाई हैं। इसका सबसे बड़ा उदाहरण NEET-UG 2024 की परीक्षा है, जिसमें करीब 23 लाख छात्र शामिल हुए थे और इसके पेपर लीक के तार बिहार के पटना और झारखंड के हजारीबाग से जुड़े पाए गए। इसी तरह UGC-NET और कई राज्यों की बड़ी सरकारी भर्ती परीक्षाएं भी पेपर लीक और गड़बड़ियों के कारण भारी विवादों में रहीं। देश की इतनी बड़ी और भरोसेमंद परीक्षाओं पर ही सवाल उठने लगें, तो तैयारी कर रहे करोड़ों युवाओं का पूरे सिस्टम से विश्वास डगमगाना स्वाभाविक है।
2002 - पेपर लीक करने के लिए परीक्षा विभाग के अंदर बैठे भ्रष्ट अधिकारियों की मदद ली जाती थी और पेपर को बाहर पहुंचाया जाता था।
2013 - तकनीक के आने के साथ ही अपराधियों ने पेपर को स्कैन करके मैसेजिंग ऐप्स जैसे वॉट्सऐप पर भेजना शुरू कर दिया। इसके अलावा परीक्षा हॉल में नकल के लिए ब्लूटूथ डिवाइसों का इस्तेमाल बढ़ गया।
2024 - अपराधियों ने सीधे ट्रांसपोर्टेशन पर हमला बोला। परीक्षा सामग्री ले जा रहे ट्रकों को रास्ते में ही रोककर, बक्सों को चालाकी से खोला गया और पेपर की फोटो खींचकर सील को वैसा का वैसा ही छोड़ दिया गया ताकि किसी को शक न हो।
डिजिटल फ्रॉड - ऑनलाइन कंप्यूटर आधारित परीक्षाओं में सेंध लगाने के लिए रिमोट एक्सेस सॉफ्टवेयर का सहारा लिया जा रहा है। इसमें उम्मीदवार केवल परीक्षा केंद्र में सिस्टम के आगे बैठा रहता है, दूर बैठा कोई दूसरा सॉल्वर उसके कंप्यूटर की स्क्रीन को कंट्रोल करके पूरा पेपर हल कर देता है।
किसी मामले में सैकड़ों गवाह और हजारों दस्तावेज शामिल होते हैं, तो उसकी कानूनी प्रक्रिया बहुत लंबी खिंच जाती है। अदालतों में सालों-साल सुनवाई चलती रहती है। कुछ मामलों में 300 से 500 तक सुनवाई और गवाहियां होने के बाद भी अंतिम फैसला नहीं आ पाता। इस बेहद धीमी न्यायिक प्रक्रिया का नतीजा यह होता है कि संगीन मामलों के आरोपी भी वर्षों तक जमानत पर खुलेआम बाहर घूमते रहते हैं और पीड़ितों को इंसाफ के लिए लंबा इंतजार करना पड़ता है।
साल 2026 में भी देश की परीक्षा प्रणाली विवादों और सवालों के घेरे में रही। मई में आयोजित हुई NEET-UG परीक्षा को कथित पेपर लीक के आरोपों के कारण रद्द करना पड़ा, जिससे इसमें शामिल हुए करीब 23 लाख छात्रों का भविष्य संकट में है। मामले की गंभीरता को देखते हुए केंद्र सरकार ने इसकी जांच सीबीआई (CBI) को सौंपी, जिसके बाद कई राज्यों में छापेमारी और गिरफ्तारियां भी हुईं। जांच एजेंसियों को परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र लीक होकर कुछ समूहों तक पहुंचने के पुख्ता संकेत मिले, जिसके चलते दोबारा परीक्षा कराने का बड़ा फैसला लेना पड़ा।
वहीं 2026 में ही सीबीएसई (CBSE) बोर्ड अपनी नई कंप्यूटर वाली कॉपियों को जांचने की प्रणाली (OSM) के कारण विवादों में घिर गया। इस साल पहली बार कॉपियों को स्कैन करके कंप्यूटर स्क्रीन पर जांचा गया था, जिसमें भारी गड़बड़ी सामने आई। रिजल्ट आने के बाद 4 लाख से ज्यादा छात्रों ने कम नंबर मिलने और स्कैनिंग खराब होने की शिकायत की। विवाद इतना बढ़ गया कि मामला संसदीय समिति तक पहुंच गया और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने माना कि सीबीएसई की डिजिटल मूल्यांकन प्रणाली में कुछ तकनीकी गड़बड़ियां थीं। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार ने पूरी जिम्मेदारी ली है और किसी भी अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पिछले 24 सालों का रिकॉर्ड बताता है कि पेपर लीक कोई छोटा-मोटा अपराध नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय संकट बन चुका है। 45 बड़े मामलों से करीब 3.86 करोड़ युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ, हजारों गिरफ्तारियां हुईं, लेकिन सिर्फ दो मामलों में सजा मिल पाई। यह स्थिति केवल प्रशासनिक विफलता नहीं है, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं के भरोसे को तोड़ने वाली है। आज जरूरत सिर्फ कागजों पर नए कानून बनाने की नहीं, बल्कि एक ऐसी सुरक्षित व्यवस्था की है जहां हर छात्र को यह पक्का विश्वास हो कि उसकी सफलता उसकी मेहनत और प्रतिभा से तय होगी।
Updated on: 06 Jun 2026 06:19 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।