राजगढ़, Jun 05, 2026

brick attack killed youth over water dispute (Patrika.com)
(रिपोर्ट– वीरेंद्र जोशी, राजगढ़)
Water Dispute: मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले से चौंका देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक मामूली से विवाद ने इतना बड़ा मोड़ ले लिया कि एक युवक की जान चली गई। घटना बीती रात करीब 12.30 बजे की है। मृतक के परिजनों ने पड़ोसी परिवार के सदस्यों पर मारपीट से मौत आरोप लगाए हैं। हालांकि पुलिस इसे संदिग्ध मौत मानकर जांच की बात कह रही है। वारदात के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस जांच में जुट चुकी है।
दरअसल, जिले के लीमाचौहान थाना क्षेत्र के पाड़ल्या गांव में सरपंच द्वारा सरकारी कुएं से पेयजलापूर्ति के लिए पाइप लाइन बिछाकर सप्लाई की व्यवस्था कर रखी है। इसमें अलग- अलग घरों के बाहर वॉल्व लगा रखे हैं, ताकि सभी बारी- बारी से पानी भर सकें। इसी लाइन का वॉल्व खोलने को लेकर गुरुवार रात करीब साढ़े 10 बजे तंवर बस्ती के किशोर पुत्र देवीसिंह गुर्जर 30 साल की पड़ोसियों जितेंद्र और मनीष तंवर से कहासुनी के बाद झूमाझटकी हो गई थी।
विवाद की सूचना पर डायल 112 से पहुंचे पुलिस कर्मियों ने दोनों पक्षों को समझाइश देकर शांत कराकर घरों के अंदर कर दिया था। इसके बाद रात तकरीबन 12.30 बजे किशोर घर के बाहर खड़े होकर पड़ोसियों को गालियां दे रहा था, तभी वहां पहुंचे पड़ोसियों जितेंद्र और मनीष तंवर के परिवार के सदस्यों ने उसके साथ मारपीट कर दी।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि, इसी विवाद के दौरान पड़ोसियों ने किशोर में ईंट फेंककर मारी, जो उसके सीने में लगी जिससे वह वहीं गिर गया। शोर शराबे की आवाज सुनकर जागे परिजन बाहर निकले और उसे लेकर घर के अंदर चले गए। रात करीब 3 बजे सीने में दर्द उठने से किशोर की तबियत बिगड़ी। परिजन उसे लेकर सिविल अस्पताल सारंगपुर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शुक्रवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। साथ ही मर्ग कायम कर जांच में लिया है। मामले को लेकर लीमाचौहान थाना प्रभारी गोविंद मीणा ने बताया कि पाइप लाइन का वॉल्व खोलने पर विवाद हुआ था। परिजनों ने पड़ोसियों जितेंद्र व मनीष तंवर और उसके परिवार पर मारपीट के आरोप लगाए हैं। परिजनों का आरोप है कि, इसी मारपीट से मौत किशोर की हुई है। हमने मर्ग कायम कर जांच में लिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Updated on: 05 Jun 2026 10:48 pm

कोई कमेंट नहीं है।
पहले कमेंट करने वाले बनें।