5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

21 घंटे का सर्च ऑपरेशन, संभल में सर्राफ के ठिकानों से 33 करोड़ की बेहिसाबी ज्वैलरी बरामद

Sambhal News: यूपी के संभल जिले में राज्य कर विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक सर्राफ के यहां छापेमारी कर करीब 33 करोड़ रुपये की अघोषित सोना, चांदी और हीरे की ज्वैलरी बरामद की है।

2 min read
Google source verification

सम्भल

image

Mohd Danish

Feb 05, 2026

sambhal tax raid undisclosed jewellery 33cr

संभल में सर्राफ के ठिकानों से 33 करोड़ की बेहिसाबी ज्वैलरी बरामद..

Undisclosed jewellery 33cr raid Sambhal: संभल जिले में राज्य कर विभाग ने कर चोरी के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है। विभाग की टीम ने एक सर्राफा व्यापारी के यहां छापेमारी कर करीब 33 करोड़ रुपये की अघोषित सोना, चांदी और हीरे की ज्वैलरी बरामद की है। कार्रवाई के दौरान व्यापारी से मौके पर ही 1.20 करोड़ रुपये कर और अर्थदंड के रूप में जमा कराए गए।

बढ़ती कीमती धातुओं की कीमतों के बीच सख्त निगरानी

सोना और चांदी के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी के बीच राज्य कर विभाग को सूचना मिल रही थी कि कुछ व्यापारी बिना वैध कागजात के बड़े पैमाने पर खरीद-बिक्री कर रहे हैं। इसी इनपुट के आधार पर कर चोरी रोकने के लिए विभाग ने संभल जिले में विशेष निगरानी अभियान शुरू किया।

एक महीने की रेकी के बाद चिन्हित हुआ ज्वैलर

अपर आयुक्त ग्रेड-2 (वाणिज्य कर अनुशासन) आरए सेठ के निर्देश पर विभाग ने करीब एक महीने तक संदिग्ध कारोबार पर नजर रखी। जांच के दौरान एक ज्वैलर की गतिविधियां संदेह के घेरे में आईं, जिसके बाद उसके खिलाफ ठोस कार्रवाई का फैसला लिया गया।

शोरूम और आवास पर एक साथ छापा

चार फरवरी को मुरादाबाद जोन की प्रवर्तन विंग की 10 सदस्यीय टीम ने दोपहर करीब एक बजे ज्वैलर के शोरूम और उसके आवास पर एक साथ छापेमारी की। यह तलाशी अभियान लगातार 21 घंटे तक चला, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

स्टॉक रजिस्टर और वास्तविक माल में भारी अंतर

जांच के दौरान ज्वैलर शोरूम में मौजूद माल की खरीद से जुड़े वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। स्टॉक रजिस्टर में मात्र 439 ग्राम सोने की ज्वैलरी और 120 किलो चांदी की ज्वैलरी दर्ज थी, जबकि मौके से 16.638 किलो सोने की ज्वैलरी, 875 किलो चांदी की ज्वैलरी और 34.43 कैरेट हीरा बरामद किया गया।

33 करोड़ की अघोषित ज्वैलरी सीज

बिना किसी लेखा-जोखा के मिली इस ज्वैलरी की बाजार कीमत करीब 33 करोड़ रुपये आंकी गई है। राज्य कर विभाग ने पूरी अघोषित ज्वैलरी को सीज कर दिया है और आगे की कर निर्धारण प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

मोबाइल और दस्तावेज भी जांच के दायरे में

छापेमारी के दौरान शोरूम और आवास से कई पर्चे, बिल, दस्तावेज और मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। इनमें मौजूद कारोबार से जुड़ा डिजिटल डाटा सीज कर जांच के लिए भेजा गया है, जिससे कर चोरी के पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सके।

सर्राफा कारोबार में मचा हड़कंप

राज्य कर विभाग की इस कार्रवाई के बाद संभल सहित आसपास के जिलों के सर्राफा कारोबार में हड़कंप मचा हुआ है। व्यापारियों में विभागीय कार्रवाई को लेकर डर का माहौल है और कई दुकानदार अपने कागजात दुरुस्त करने में जुट गए हैं।