
आक्रोशित लोगों ने रास्ता किया जाम। फोटो- पत्रिका
सवाईमाधोपुर। राजस्थान के सवाईमाधोपुर जिले के बौंली थाना क्षेत्र में कोड्याई गांव में मंगलवार को दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। बकरी चराने जंगल गई 65 वर्षीय कमला देवी मीणा की लूट के इरादे से बेरहमी से हत्या कर दी गई। बदमाशों ने ढाई किलो चांदी के कड़े और करीब पांच तोला सोने के गहनों के लिए महिला के दोनों पैर काट दिए और बाद में गला रेतकर उसकी जान ले ली।
घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को जस्टाना बाईपास पर रखकर रास्ता जाम कर दिया और पूरी रात धरना दिया। बुधवार सुबह क्षेत्र की विधायक इंदिरा मीणा भी मौके पर पहुंचीं और ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठ गईं। हालात तनावपूर्ण होने के चलते मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस आरोपियों की तलाश में अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी कर रही है। सूत्रों के अनुसार कोड्याई गांव के साथ-साथ आसपास के इलाकों से भी बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। ग्रामीणों का साफ कहना है कि जब तक हत्यारों की गिरफ्तारी नहीं होती, वे शव नहीं उठाएंगे। परिजनों के अनुसार बदमाश लाखों रुपए के जेवर लूटकर फरार हो गए।
वारदात का खुलासा उस समय हुआ जब शाम को बकरियां तो घर लौट आईं, लेकिन कमला देवी वापस नहीं आईं। परेशान होकर बेटा हंसराज जंगल की ओर गया, जहां मां का क्षत-विक्षत शव देखकर वह सन्न रह गया। महिला का शव खून से सना पड़ा था और कटे हुए पैर पास में ही पड़े थे। खबर फैलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर जुट गए।
यह वीडियो भी देखें
धरने के दौरान विधायक इंदिरा मीणा ने सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मौजूदा शासन में महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं और यह उनके क्षेत्र की तीसरी बड़ी वारदात है। उन्होंने बताया कि इससे पहले जाहिरा और सितोड़ में भी इसी तरह की लूट और हत्या की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर पाई। विधायक का कहना है कि बार-बार चेतावनी देने के बावजूद अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।
Updated on:
04 Feb 2026 04:23 pm
Published on:
04 Feb 2026 04:13 pm
बड़ी खबरें
View Allसवाई माधोपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
