
श्रीगंगानगर.श्रद्धेय कपूरचंद कुलिश जी की जन्म शताब्दी समारोह श्रृंखला के अंतर्गत बुधवार को राजस्थान पत्रिका एवं चौधरी बल्लूराम गोदारा राजकीय कन्या महाविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में 'मानसिक स्वास्थ्य एवं समग्र स्वास्थ्य' विषय पर जागरुकता सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं को मानसिक रूप से सशक्त,भावनात्मक रूप से संतुलित तथा जीवन के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण से युक्त बनाना रहा।
कार्यक्रम में विद्यार्थी सेवा व परामर्श केंद्र के जिला समन्वयक भूपेश शर्मा मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे,जबकि महाविद्यालय की प्रोफेसर डॉ. मीनू तंवर ने विशिष्ट वक्ता के रूप में विचार साझा किए। संबोधित करते हुए भूपेश शर्मा ने कहा कि आज का युग प्रतिस्पर्धा, अपेक्षाओं और निरंतर भाग-दौड़ से भरा हुआ है, ऐसे में मानसिक स्वास्थ्य का संतुलित और सुदृढ़ होना जीवन की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सफलता केवल अंक, डिग्री या बौद्धिक क्षमता से नहीं मिलती,बल्कि आत्म मूल्यांकन, आत्मनियंत्रण,भावनात्मक परिपक्वता और सकारात्मक सोच से प्राप्त होती है। शर्मा ने परीक्षा के समय उत्पन्न होने वाले तनाव, असफलता का भय, आत्म-संदेह और तुलना की प्रवृत्ति जैसे मानसिक दबावों पर चर्चा की। साथ ही उन्होंने इनसे निपटने के लिए समय प्रबंधन,लक्ष्य निर्धारण,स्वयं से संवाद, नियमित विश्राम और सहयोगी वातावरण जैसे सरल व व्यावहारिक उपाय बताए।
विशिष्ट वक्ता प्रोफेसर डॉ.मीनू तंवर ने शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के परस्पर संबंध को रेखांकित करते हुए कहा कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का विकास संभव है। उन्होंने योग, प्राणायाम,ध्यान,नियमित व्यायाम,संतुलित आहार,पर्याप्त नींद और अनुशासित दिनचर्या को स्वस्थ जीवनशैली की आधारशिला बताया। साथ ही सरकार की ओर से संचालित स्वास्थ्य एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए छात्राओं से उनके प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया। कार्यक्रम संयोजक प्रोफेसर डॉ.श्यामलाल ने आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस अवसर पर राजस्थान पत्रिका के संपादकीय प्रभारी दीपक शर्मा ने श्रद्धेय कपूरचंद कुलिश जी की जन्म शताब्दी पर प्रकाश डाला।
समापन अवसर पर महाविद्यालय प्राचार्य डॉ.पूनम सेतिया ने छात्राओं को निरंतर परिश्रम,अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढऩे का प्रेरक संदेश दिया। मंच संचालन प्रो. ऋचा कुक्कड़ ने किया। सेमिनार में प्रो.इन्द्रा सहारण,डॉ.रेखा बेरवाल, प्रो.बबीता काजल, प्रो.आशा अरोड़ा, प्रो. किरण दीप,प्रो.मधु वर्मा सहित वरिष्ठ संकाय सदस्य मौजूद रहे।
Published on:
05 Feb 2026 08:24 pm
बड़ी खबरें
View Allश्री गंगानगर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
