
स्वास्थ्य विभाग की टीम पहुंची स्कूल, मध्याह्न भोजन की कराई सैंपलिंग, जलस्रोतों की जांच की जा रही
करकेली विकासखंड स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जरहा में बुधवार को दो दर्जन से अधिक बच्चोंं की तबियत अचानक बिगड़ गई। उन्हें बुखार, उल्टी और दस्त की शिकायत होने पर स्कूल प्रबंधन ने तत्काल स्वास्थ्य विभाग को सूचना दी। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर सभी बीमार बच्चोंं का प्राथमिक इलाज शुरू किया। कुछ बच्चोंं को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया तथा कुछ बच्चों का इलाज घुलघुली स्वास्थ्य केंद्र में किया गया।
जिला अस्पताल में आठ बच्चों को भर्ती कराया गया है। बीमारी के कारणों का पता लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एहतियातन गांव में भी जांच की। घटना की खबर एसडीएम बांधवगढ़ अंबिकेश प्रताप सिंह को मिलने पर उन्होंने भी स्कूल का निरीक्षण किया तथा घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की। इस दौरान उन्होंने बच्चों से भी बात की। शिक्षा विभाग के अधिकारी भी पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए रहे। करकेली विकासखंड के विकासखंड स्त्रोत समन्वयक विनीत चतुर्वेदी ने बताया कि सूचना मिलते ही टीमें मौके पर पहुंच गई थीं। बच्चोंं का इलाज जारी है और उनकी लगातार देखरेख की जा रही है। स्थिति नियंत्रण में है। मध्यान्ह भोजन की सेंपलिंग कर जांच कराई गई है, इसके साथ ही जल स्रोतों की भी जांच कराई जा रही है।
जिला अस्पताल में भर्ती बच्चोंं एवं उनके अभिभावको से कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन ने मुलाकात की तथा डाक्टर से बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधा के संबंध में जानकारी प्राप्त की। डॉ. संदीप सिंह ने बताया कि जिला अस्पताल में 8 बच्चों को भर्ती कराया गया था, जिसमें 3 बच्चों के स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज कर दिया गया है। पांच बच्चों की हालत में भी सुधार पाया गया तथा स्थिति सामान्य है। कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान जिला चिकित्सालय उमरिया में भर्ती संध्या सिंह पिता किस्मत सिंह कक्षा 11वीं, लक्ष्मी राठौर पिता छत्रपाल कक्षा 9वीं, रूबी पिता धमेन्द्र सिंह कक्षा 9 वीं तथा सुमन कोल पिता गोकुल निवासी जरहा कक्षा 7वीं के बच्चों के स्वास्थ्य के बारे मे जानकारी प्राप्त की। कलेक्टर ने बताया कि शासकीय उमावि जरहा में कुछ बच्चों को उल्टी दस्त तथा कुछ बच्चों को सीजनल बीमारी की शिकायत संज्ञान मे आने पर एसडीएम बांधवगढ अंबिकेश प्रताप सिंह तथा स्वास्थ्य विभाग की टीम को मौके पर भेजा गया तथा 37 बच्चों के स्वास्थ्य का परीक्षण स्वास्थ्य केंद्र घुलघुली में कराया गया। वर्तमान में सभी बच्चोंं की स्थिति सामान्य है। सीएमएचओ वी एस चंदेल ने बताया कि सभी बच्चोंं की हालत स्थिर एवं सामान्य है। इस दौरान मौके पर डिप्टी कलेक्टर प्रत्यूष श्रीवास्तव, बीआरसी एवं अन्य प्रशासनिक अमला उपस्थित रहा।
Published on:
29 Jan 2026 04:31 pm
बड़ी खबरें
View Allउमरिया
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
