7 फ़रवरी 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

मेहंदी सूखी भी नहीं… कंबल में लिपटी मिली 25 वर्षीय महिला की लाश

हत्या के बाद महिला के शव को कंबल में लपेटकर यमुना एक्सप्रेस-वे पर फेंक दिया गया। शव के गले पर चोट के निशान पाए गए हैं। मृतका की उम्र करीब 25 वर्ष बताई जा रही है।

2 min read
Google source verification

आगरा

image

Aman Pandey

Feb 07, 2026

आगरा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर विवाहिता का शव मिलने के बाद जांच करती पुलिस।

यमुना एक्सप्रेस-वे पर माइल स्टोन 148 के पास गांव सौरई के समीप एक महिला का शव कंबल में लिपटा मिला। मृतका के हाथों में मेहंदी और पैरों में बिछिया थीं, जिससे उसके हाल ही में विवाहिता होने की संभावना जताई जा रही है।

हाथ पर लिखा नाम बन गया सबसे बड़ा क्लू

शुक्रवार को ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाए। मृतका की उम्र करीब 25 वर्ष थी। उसके गले पर निशान थे। शव को कंबल में लपेटने के बाद काला टेप लगाया गया था। मृतका के हाथ और कंधे पर आर-एस लिखा था। एक जगह पर सनी भी लिखा था जिसे मिटाने का प्रयास किया गया मगर वो पूरी तरह नहीं मिटा। पुलिस आसपास के जिलों से लापता महिलाओं की जानकारी जुटा रही है।

दुर्गंध से खुली एक्सप्रेस-वे मर्डर मिस्ट्री

सौरई गांव के पास शुक्रवार दोपहर करीब 3:30 बजे कुछ लोग बकरी चरा रहे थे। तभी उनकी नजर यमुना एक्सप्रेस-वे के माइलस्टोन 148 के पास नाली में पड़े एक कंबल पर पड़ी। पास पहुंचने पर तेज दुर्गंध आ ही थी, जिससे उन्हें शक हुआ। उन्होंने इसकी सूचना एक्सप्रेस-वे पर पेट्रोलिंग कर रही गाड़ियों को दी। करीब आधे घंटे में डीसीपी वेस्टर्न जोन आदित्य सिंह, एसीपी एत्मादपुर देवेश कुमार, एसओजी टीम, फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड मौके पर पहुंच गए। जांच के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

कौन है ‘सनी’, जिसकी लिखावट महिला के हाथ पर मिली?

महिला के हाथ पर सनी नाम लिखे होने के कारण पुलिस अब इस व्यक्ति की तलाश में जुट गई है। जहां शव बरामद हुआ, वह स्थान खंदौली टोल प्लाजा से करीब एक किलोमीटर दूर दिल्ली रोड पर स्थित है, जबकि यहां से लगभग दो किलोमीटर आगे मथुरा की सीमा शुरू हो जाती है।

जांच में पुलिस दो संभावित एंगल पर काम कर रही है। पहला, हत्या के बाद शव को आगरा से लाकर यहां फेंका गया हो सकता है। इस स्थिति में आरोपी टोल पार कर घटनास्थल तक पहुंचा और शव फेंककर वापस फरार हो गया होगा। दूसरा, यदि आरोपी दिल्ली की ओर से आया हो तो संभव है कि उसने टोल प्लाजा पार ही न किया हो, क्योंकि छोटे वाहनों के लिए खंदौली टोल से करीब 200 मीटर पहले एक कट बना हुआ है। आशंका है कि आरोपी ने उसी कट से वाहन मोड़कर शव फेंका और तुरंत भाग निकला। अब पुलिस यमुना एक्सप्रेस-वे के सभी टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि संदिग्ध वाहन और आरोपी तक पहुंचा जा सके।