
अलवर में पटवारी करण सिंह चौधरी के निलंबन आदेश पर कोर्ट से स्टे मिलने के बावजूद बहाली नहीं किए जाने से पटवारियों में भारी रोष है। इसी के चलते सोमवार से जिलेभर के पटवारी मिनी सचिवालय के बाहर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर बैठ गए हैं। हड़ताल के कारण जमीनों के नामांतरण, रिकॉर्ड सुधार सहित राजस्व से जुड़े छोटे-बड़े सभी कार्य ठप हो गए हैं,
जिससे आमजन को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। राजस्थान पटवार संघ अलवर के जिला महामंत्री संतोष कुमार ने बताया कि अलवर कलेक्टर द्वारा पटवारी करण चौधरी को निलंबित किया गया था, जबकि सिविल सेवा प्राधिकरण की ओर से 7 जनवरी को निलंबन पर स्थगन आदेश जारी हो चुका है। इसके बावजूद अब तक बहाली नहीं की गई। इस संबंध में 27 जनवरी सहित कई बार ज्ञापन दिए गए, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
संघ के संयुक्त मंत्री मनोज कुमार मीणा ने कहा कि करण चौधरी कोर्ट का स्थगन आदेश लेकर संबंधित अधिकारियों से मिले, यहां तक कि एक दिन की पेन डाउन हड़ताल भी की गई, लेकिन प्रशासन ने कोई सुनवाई नहीं की। चेतावनी के बाद अब सभी पटवारी हड़ताल पर हैं और मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा। गौरतलब है कि पटवारी करण सिंह को देवखेड़ा क्षेत्र में तैनाती के दौरान विरासत भूमि के इंतकाल से जुड़े मामले में 24 दिसंबर 2025 को निलंबित किया गया था। कोर्ट से स्टे मिलने के बाद भी बहाली नहीं होने से पटवार संघ में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
Published on:
02 Feb 2026 05:05 pm
बड़ी खबरें
View Allअलवर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
