# क्रिकेट

32 की उम्र में केएस भरत ने कहा क्रिकेट को अलविदा, इंस्टाग्राम पर शेयर किया भावुक पोस्ट, विराट कोहली-रोहित शर्मा को कहा शुक्रिया

भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज केएस भरत ने मात्र सात टेस्ट मैचों के अंतरराष्ट्रीय करियर के बाद क्रिकेट के सबसे लंबे फॉर्मेट से संन्यास की घोषणा कर दी है।

2 min read
भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज केएस भरत ने संन्यास लिया (Photo - IANS)

KS Bharat announces retirement: भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज केएस भरत ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है। भरत ने सोशल मीडिया पर एक भावुक संदेश साझा करते हुए अपने इस फैसले की जानकारी दी। 32 वर्षीय भरत उन खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं, जिन्होंने घरेलू क्रिकेट में लंबे समय तक अथक मेहनत की और शानदार प्रदर्शन के बल पर भारतीय टीम तक पहुंच बनाई। हालांकि उनका अंतरराष्ट्रीय करियर ज्यादा लंबा नहीं रहा, लेकिन भारतीय टीम की टेस्ट कैप हासिल करना हमेशा उनके करियर की सबसे बड़ी उपलब्धियों में से एक रहेगा।

केएल भारत ने किया भावुक पोस्ट

अपने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट लिखते हुए केएस भरत ने कहा, “मैं अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से अपने संन्यास की घोषणा करता हूं। अपने देश के लिए खेलना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है।” उन्होंने आगे लिखा, “4 सदस्यों वाले हमारे परिवार ने पिछले दो दशकों तक एक ही सपना देखा था। मेरी बहन, मां और पिताजी को बहुत-बहुत धन्यवाद। उन्होंने जो माहौल बनाया, उसी की बदौलत मैं यहां तक पहुंच सका। मैं उनके प्यार, अनुशासन और कड़ी मेहनत का नतीजा हूं।”

भरत ने अपने करियर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले लोगों को भी धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा, “मेरे आईपीएल डेब्यू कप्तान विराट कोहली का बहुत-बहुत शुक्रिया, जिन्होंने मुझे अपना कौशल दिखाने और पहचान बनाने का मौका दिया। मेरे भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का भी आभार, जिनकी कप्तानी में मैंने टेस्ट डेब्यू किया। यह अनुभव अनमोल है और शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता।” इसके साथ ही उन्होंने राहुल द्रविड़ को भी विशेष धन्यवाद दिया और कहा कि इंडिया-A से लेकर मुख्य भारतीय टीम तक उनका मार्गदर्शन हमेशा अविस्मरणीय रहेगा।

केएस भरत का अंतरराष्ट्रीय करियर

केएस भरत ने अपना पहला टेस्ट मैच वर्ष 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था। उन्होंने कुल 7 टेस्ट मैचों की 12 पारियों में 221 रन बनाए। उनका औसत 20.09 रहा। इस दौरान उन्होंने कोई शतक या अर्धशतक नहीं लगाया। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 44 रन रहा और वह एक बार नाबाद भी रहे।