ENG vs NZ 1st Test Day 2 Highlights: लॉर्ड्स टेस्ट के दूसरे दिन इंग्लैंड की टीम दूसरी पारी में 226 रन पर सिमट गई। उससे पहले न्यूजीलैंड की पहली पारी को उसने 113 रन पर ही ढेर कर दिया था।
Lords Test England vs New Zealand: इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के बीच खेली जा रही 3 मैचों की टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में मेजबान टीम जीत की दहलीज पर पहुंच गई है। लॉर्ड्स में खेले जा रहे पहले टेस्ट के दूसरे दिन इंग्लैंड की टीम अपनी दूसरी पारी में 226 रन पर सिमट गई। उससे पहले न्यूजीलैंड की टीम पहली पारी में 113 रन ही बना सकी थी। अब कीवी टीम के सामने जीत के लिए 254 रन का लक्ष्य है और उसने दूसरी पारी में 3 विकेट गंवाकर 36 रन बना लिए थे।
पहले दिन की तरह दूसरे दिन भी गेंदबाजों का दबदबा देखने को मिला। हालांकि इस दौरान मेजबान होने के नाते इंग्लैंड के बल्लेबाजों को थोड़ा फायदा हुआ और वह कीवी बल्लेबाजों के अपेक्षा ज्यादा अच्छी स्थिति में दिखे। दूसरे दिन इंग्लैंड ने 10 विकेट गंवाए लेकिन उसके बल्लेबाजों ने इतना स्कोर बना लिया है कि अब न्यूजीलैंड की हार तय हो चुकी है।
टेस्ट के दूसरे दिन के तीसरे सेशन में इंग्लैंड की दूसरी पारी 226 रन पर सिमट गई। दूसरी पारी में इंग्लैंड को अच्छी शुरुआत मिली थी। बेन डकेट और एमिलो गे ने पहले विकेट के लिए 52 रन की साझेदारी की। 52 के स्कोर पर पहले विकेट के रूप में डकेट 33 रन बनाकर आउट हुए। दूसरे विकेट के लिए एमिलो और बेथेल के बीच 47 रन की साझेदारी हुई। बेथेल 14 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद रूट और एमिलो के बीच तीसरे विकेट के लिए 27 रन की साझेदारी हुई। 126 के स्कोर पर एमिलो 57 रन बनाकर तीसरे विकेट के रूप में आउट हुए।
इंग्लैंड की पारी इसके बाद लड़खड़ा गई और 127 के स्कोर पर 3 विकेट और गंवा दिए। 126 पर 3 वाली इंग्लैंड 127 के स्कोर 6 विकेट गंवा बैठी। सातवें विकेट के लिए गस एटकिंसन और विकेटकीपर बल्लेबाज जेमी स्मिथ ने 57 रन की अहम साझेदारी की। एटकिंसन 14 रन बनाकर आउट हुए। स्मिथ ने आठवें विकेट के लिए ओली रॉबिन्सन के साथ 29 रन की साझेदारी की। स्मिथ आठवें विकेट के लिए रूप में 213 के स्कोर पर 39 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद इंग्लैंड की पारी 226 रन पर सिमट गई। रॉबिन्सन आखिरी विकेट के रूप में 29 रन बनाकर आउट हुए।
न्यूजीलैंड की तरफ से दाएं हाथ के तेज गेंदबाज नाथन स्मिथ ने 17 ओवर में 70 रन देकर 6 विकेट लिए। विल ओरूर्के को 2, जबकि काइल जैमिसन और मैट हेनरी को 1-1 विकेट मिला। इससे पहले न्यूजीलैंड की पहली पारी 113 रन पर सिमट गई थी और पहली पारी के आधार पर इंग्लैंड से 27 रन से पीछे रही थी। इंग्लैंड की पहली पारी पहले दिन ही 140 पर सिमट गई थी।
पहली पारी में मिली 27 रन की बढ़त के आधार पर इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड को जीत के लिए 254 रन का लक्ष्य दिया। दूसरी पारी में न्यूजीलैंड की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और 36 रन बनाने में उसने 3 विकेट गंवा दिए हैं। अब उनके पास लक्ष्य हासिल करने के लिए पूरे 3 दिन और 7 विकेट हैं लेकिन फिर भी स्थिति नाजुक है।