# नई दिल्ली

’12 सालों से हमें हिंदू-मुस्लिम राजनीति के जाल में फंसाकर रखा’, CJP ने पूछा- ऐसी राजनीति से देश में किसी को नौकरी मिली?

Cockroach Janta Party Protest: सोशल मीडिया पर अपने तीखे और व्यंग्यात्मक राजनीतिक अंदाज के लिए चर्चा में रहने वाली 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) ने अब सड़क पर उतरकर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान पार्टी ने बेरोजगारी और बढ़ते राजनीतिक ध्रुवीकरण को लेकर सरकार पर जमकर निशाना साधा।

2 min read
फोटो सोर्स- @Cockroachisback ( X )

Cockroach Janta Party Protest: अपनी अनोखी और तीखी राजनीतिक बयानबाजी के लिए चर्चा में आई 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) अब सोशल मीडिया के बाद सीधे जमीन पर उतर आई है। दरअसल, आज यानी कि 6 जून को दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे हैं। इस दौरान CJP ने देश में बढ़ते रोजगार के संकट और राजनीतिक ध्रुवीकरण को लेकर केंद्र सरकार पर अब तक का सबसे बड़ा हमला बोला है। प्रदर्शन के दौरान पार्टी के आधिकारिक हैंडल से एक बेहद तीखा ट्वीट किया गया, जिसने इंटरनेट से लेकर राजनीतिक गलियारों तक हलचल तेज कर दी है।

आपको बता दें कि CJP ने अपने ट्वीट में देश के युवाओं की रग टटोलते हुए सीधे सवाल किया है कि 'पिछले 10-12 वर्षों से इन लोगों ने हमें हिंदू-मुस्लिम राजनीति के जाल में फंसाकर रखा है। इससे किसे फायदा हुआ? क्या हिंदू-मुस्लिम राजनीति से देश में किसी को नौकरी मिली?'

सड़कों पर उतरी CJP, रोजगार को बनाया मुख्य मुद्दा

दिल्ली में चल रहे इस विरोध प्रदर्शन के जरिए कॉकरोच जनता पार्टी ने साफ कर दिया है कि वह केवल सोशल मीडिया पर व्यंग्य (सटायर) करने तक सीमित नहीं है, बल्कि देश के असल मुद्दों पर युवाओं को एकजुट कर रही है। पार्टी के प्रवक्ताओं का कहना है कि पिछले एक दशक से देश की जनता और खासकर युवाओं का ध्यान भटकाने के लिए जानबूझकर ध्रुवीकरण की राजनीति को बढ़ावा दिया गया है, जबकि पेपर लीक और बेरोजगारी जैसे गंभीर मुद्दों पर सिस्टम पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है।

शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के इस दिल्ली प्रदर्शन में प्रदर्शनकारी सीधे तौर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। पार्टी के प्रवक्ताओं और प्रदर्शन में शामिल युवाओं का आरोप है कि पिछले कुछ समय में नीट (NEET) सहित देश की कई बड़ी सरकारी परीक्षाओं का सिस्टम पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है, जिससे लाखों छात्रों का भविष्य दांव पर लग गया है। CJP का कहना है कि शिक्षा मंत्रालय युवाओं को पारदर्शी परीक्षा प्रणाली और रोजगार देने में पूरी तरह नाकाम रहा है। इसी जवाबदेही को तय करने और छात्रों के साथ हुए इस धोखे के खिलाफ, CJP राष्ट्रीय स्तर पर चल रहे पेपर लीक विवादों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री से तुरंत पद छोड़ने की मांग कर रही है।