CM Yogi Birthday celebration : हरहुआ स्थित 51 फीट ऊंचे वरद आंजनेय हनुमान मंदिर में सीएम योगी के लिए विशेष हवन पूजन का आयोजन किया गया।
UP CM Yogi Adityanath Birthday : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन पर देशभर से उन्हें शुभकामनाएं भेजी जा रही हैं। बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री समेत कई नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की बधाई दी है। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में उनके 54वें जन्मदिन को धूमधाम से मनाया गया। इस दौरान काशी में 51 फीट ऊंचे वरद आंजनेय हनुमान मंदिर में उनकी लंबी आयु के लिए कामना की गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के जन्मदिन को लेकर काशी में उनके समर्थक काफी ज्यादा उत्साहित हैं। हरहुआ स्थित 51 फीट ऊंचे वरद आंजनेय हनुमान मंदिर में सीएम योगी के लिए विशेष हवन पूजन का आयोजन किया गया। इस दौरान उनके समर्थकों ने उनके 54वें जन्मदिन पर 54 किलो लड्डू से बने विशेष केक को काटकर उनका जन्मदिन मनाया। इस दौरान मंदिर परिसर में भारी संख्या में उनके समर्थक मौजूद रहे।
मंदिर परिसर में बजरंगबली की आरती उतार कर पर्यावरण दिवस को देखते हुए 54 पौधे भी भगवान को समर्पित किए गए और उनका रोपण किया गया। समर्थकों को ने बताया कि जिस प्रकार उत्तर प्रदेश में विकास योजनाएं चल रही है और उत्तर प्रदेश उत्तम प्रदेश बन रहा है, उसको लेकर वे काफी ज्यादा उत्साहित हैं। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की जनकल्याणकारी योजनाओं की तस्वीरें भी मंदिर प्रांगण में लगाई गईं।
मंदिर परिसर में बजरंगबली की आरती उतारते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समर्थकों ने उनकी दीर्घायु होने की कामना की है। समर्थकों ने भारी उत्साह के बीच 2027 के विधानसभा चुनाव में एक बार फिर उत्तर प्रदेश में बीजेपी की जीत और मुख्यमंत्री के रूप में योगी आदित्यनाथ को अपनी पहली पसंद बताया है। इसके साथ ही भगवान से कामना की है कि एक बार फिर से उत्तर प्रदेश की बागडोर सीएम योगी के ही हाथों में आए।
वहीं, देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उनके जन्मदिन पर बधाई दी है। इसके साथ ही हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, भूपेंद्र चौधरी, मनोहर लाल खट्टर ने भी उन्हें बधाई दी है। सीएम के जन्मदिन पर सत्ता पक्ष ही नहीं बल्कि विपक्ष ने भी बधाई भेजी है। बहुजन समाज पार्टी (BSP) सुप्रीमो मायावती ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दीर्घायु की कामना की है।