
Azamgarh news, Pic- patrika
आजमगढ़ जनपद की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ऑनलाइन ठगी के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। शहर के बदरका निवासी व्यापारी अशोक कुमार अग्रवाल की शिकायत पर शुरू हुई जांच में सामने आया कि NEXT TRADE नामक फर्जी ट्रेडिंग ऐप के जरिए संगठित गिरोह लोगों से पैसे ठग रहा था। पुलिस को आशंका है कि इस गिरोह ने अब तक करीब एक करोड़ रुपये की साइबर ठगी की है।
पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में एसपी यातायात विवेक त्रिपाठी ने बताया कि इस मामले में देश के अलग-अलग राज्यों से करीब 12 शिकायतें सामने आ चुकी हैं और यह संख्या और भी बढ़ सकती है। जांच के दौरान उज्जैन और इंदौर (मध्य प्रदेश) से जुड़े दो शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है।
पीड़ित व्यापारी ने बताया कि उन्होंने फेसबुक पर NEXT TRADE का विज्ञापन देखा था। विज्ञापन में दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर आरोपियों ने अधिक मुनाफे का लालच देकर एक ऐप डाउनलोड कराया और निवेश करने को कहा। भरोसा दिलाने के बाद उनसे करीब 8 लाख 99 हजार रुपये जमा करा लिए गए। शुरुआत में ऐप पर लाभ दिखाया गया, लेकिन जब पीड़ित ने पैसे निकालने की कोशिश की तो उनकी आईडी ब्लॉक कर दी गई।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गिरोह बनाकर काम करते थे। लोगों से ठगे गए पैसे म्यूल बैंक खातों में मंगवाए जाते थे और फिर तुरंत निकाल लिए जाते थे। जांच में कुछ बैंक कर्मियों की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इन्द्रजीत डे (उज्जैन) और अंकेश धाकड़ (इंदौर) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से मोबाइल फोन, एटीएम कार्ड, चेक बुक, सिम कार्ड और नकदी बरामद की है। मामले में चार अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान लिंक, ऐप या निवेश प्रस्ताव से सतर्क रहें और ठगी होने पर तुरंत साइबर क्राइम थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
Published on:
05 Feb 2026 03:17 pm
बड़ी खबरें
View Allआजमगढ़
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
