
प्रभावित हो रही धान की गुणवत्ता
जिले में मौसम ने एक बार फिर से करवट बदला है। सोमवार को पूरे दिन रुक-रुककर बारिश होते रही। रात्रि में भी बारिश का दौर जारी रहा।
बालाघाट. जिले में मौसम ने एक बार फिर से करवट बदला है। सोमवार को पूरे दिन रुक-रुककर बारिश होते रही। रात्रि में भी बारिश का दौर जारी रहा। इधर, बेमौसम बारिश से रबी सीजन में लगाई गई धान की फसल को कहीं फायदा तो कहीं नुकसान हो रहा है। किसान परेशान है। बारिश के कारण धान की गुणवत्ता भी प्रभावित होने की संभावना बनी हुई है। इधर, बदलते मौसम के साथ ही तापमान में भी गिरावट हो रही है।
जानकारी के अनुसार जिले में किसानों ने रबी सीजन में धान की फसल लगाई है। इनमें से अधिकांश किसानों की फसल कटाई योग्य होने लगी है। ऐसे में बेमौसम बारिश से धान की पैदावार, गुणवत्ता पर प्रभाव पडऩे की संभावना जताई है। वहीं दूसरी ओर जिन किसानों ने देरी से धान की रोपाई की है, उसके लिए इस बारिश से कोई नुकसान नहीं है। बेमौसम बारिश से फसल को नुकसान होने की संभावना अधिक बनी हुई है। जिसके कारण किसान चिंतित है।
बेमौसम बारिश से जिले में धान की फसल को नुकसान अधिक हो रहा है। फसल के खराब होने से किसान परेशान हो रहे हैं। किसानों का कहना है कि लगातार हो रहे मौसम में बदलाव के कारण अब धान पर रोग भी लगना प्रारंभ हो गया है। जिसके कारण धान का उत्पादन व गुणवत्ता दोनों प्रभावित होंगे। इससे किसानों को काफी नुकसान होगा। किसानों का कहना है कि मौजूदा समय में जो धान कटाई योग्य हो गया है, उसे पानी की आवश्यकता नहीं है। यदि आसमान में लगातार बदली छाई रहेगी और बारिश होती है तो किसानों को और ज्यादा नुकसान होगा।
जिले के वारासिवनी, लालबर्रा, हट्टा, किरनापुर, लांजी, लामता, चरेगांव, समनापुर, खैरलांजी, रामपायली सहित अन्य क्षेत्रों में किसानों ने धान की फसल लगाई है। इनमें से अधिकांश किसानों की धान की फसल कटाई योग्य हो गई है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग नई दिल्ली के क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल से जिला कृषि मौसम इकाई कृषि विज्ञान केंद्र बालाघाट को प्राप्त 5 दिवसीय मध्यम श्रेणी मौसम पूर्वानुमान के अनुसार जिले में तीन अलग-अलग दिनों में मौसम खराब रहेगा। जिला कृषि मौसम इकाई कृषि विज्ञान केन्द्र बडग़ांव बालाघाट से प्राप्त जानकारी के अनुसार 24, 27 और 28 अप्रेल को मध्यम बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश के साथ तेज़ हवा की गति, वज्रपात की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 37.5 से 40.3 डिग्री सेल्सियस, न्यूयनतम तापमान 21.2 से 22.2डिग्री सेल्सियस, सुबह हवा में 40 से 80 प्रतिशत, दोपहर में 15 से 34 प्रतिशत नमी रहने की संभावना है। आने वाले दिनो में हवा कि गति लगभग 9 से 39 किलो मीटर प्रति घंटे दक्षिण पूर्व से उत्तर पश्चिम दिशा में रहने ने की संभावना है।
Published on:
23 Apr 2024 10:31 pm
