
कवाई कस्बे के ब्राह्मण मोहल्ला स्थित पूजा शर्मा के घर पर सरपंच सहित पेंशनर समाज के लोग मीठा करवा कर सम्मान करते हुए (फोटो: पत्रिका)
Real Life Motivational Story: कहते हैं कि मजबूत इरादे, निरंतर परिश्रम और आत्मविश्वास के सामने संसाधनों की कमी भी बाधा नहीं बन पाती। इस कहावत को चरितार्थ कर दिखाया है कस्बे के ब्राह्मण मोहल्ला निवासी पूजा शर्मा ने, जिनका हाल ही में सेकंड ग्रेड शिक्षक पद पर चयन हुआ है। सीमित संसाधनों के बावजूद पूजा ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर यह उपलब्धि हासिल कर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ब्राह्मण मोहल्ला निवासी शिवप्रकाश उर्फ शिवा शर्मा की पुत्री पूजा शर्मा का सपना शुरू से ही सरकारी नौकरी प्राप्त कर परिवार का नाम रोशन करने का था। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया। पूजा अपनी इस सफलता का श्रेय अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन, आत्मविश्वास के साथ-साथ माता-पिता द्वारा दिए गए सकारात्मक माहौल को देती हैं।
परिजनों ने बताया कि पूजा के पिता मेहनत-मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं, जबकि माता गृहिणी हैं। आर्थिक सीमाओं के बावजूद परिवार ने पूजा की शिक्षा में कोई कमी नहीं आने दी। पूजा ने भी पूरे समर्पण के साथ अध्ययन जारी रखा और अंततः सेकंड ग्रेड शिक्षक पद पर चयनित होकर अपने सपने को साकार किया।
पूजा की इस उपलब्धि पर परिवारजनों, रिश्तेदारों एवं ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई। कस्बे में आयोजित सम्मान समारोह में पूजा को माला एवं साफा पहनाकर सम्मानित किया गया तथा मुंह मीठा कराकर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी गईं। उपस्थित लोगों ने पूजा को अन्य बालिकाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया और कहा कि उसने यह साबित कर दिया है कि सच्ची लगन और ईमानदार मेहनत से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
गुरुवार को पूजा को बधाई देने के लिए सरपंच चंपालाल चंदेल सहित पेंशनर समाज के कई सदस्य भी पहुंचे। उन्होंने पूजा का सम्मान करते हुए मिठाई खिलाई और शिक्षिका के रूप में उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। पूजा की सफलता से पूरे क्षेत्र में गर्व और प्रेरणा का माहौल बना हुआ है।
Updated on:
06 Feb 2026 01:59 pm
Published on:
06 Feb 2026 01:58 pm
बड़ी खबरें
View Allबारां
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
