
बदायूं। बिल्सी तहसील के सुंदरनगर गांव में गुरुवार को ग्रेटर नोएडा से दुल्हन को लेकर दूल्हा हेलीकॉप्टर से गांव पहुंचा। जैसे ही हेलीकॉप्टर आसमान में नजर आया, पूरे गांव की निगाहें उसी पर टिक गईं। हेलीपैड के आसपास ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।
सुंदरनगर गांव निवासी धर्मवीर चौहान के पुत्र अमित चौहान पेशे से इंजीनियर हैं। परिवार की ख्वाहिश थी कि बेटे की शादी कुछ हटकर हो, जो गांव ही नहीं पूरे इलाके में चर्चा बने। इसी सोच के तहत बरात बुधवार को गांव से ग्रेटर नोएडा रवाना हुई और शादी संपन्न होने के बाद गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे दूल्हा-दुल्हन हेलीकॉप्टर से सीधे गांव पहुंचे।
हेलीकॉप्टर के जमीन पर उतरते ही गांव में उत्सव जैसा माहौल बन गया। ग्रामीणों ने तालियों और जयघोष के बीच फूलों की बारिश कर दूल्हा-दुल्हन का जोरदार स्वागत किया। लोगों का कहना था कि उन्होंने पहली बार अपनी आंखों से किसी दुल्हन को हेलीकॉप्टर से गांव आते देखा है। यह नजारा हर किसी के मोबाइल कैमरे में कैद होता नजर आया।
अनहोनी से बचने के लिए प्रशासन पूरी तरह चौकन्ना रहा। हेलीपैड के चारों ओर बैरिकेडिंग कराई गई थी और पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के चलते कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।
ग्रामीणों के अनुसार अमित चौहान अपने चार भाई-बहनों में सबसे छोटे हैं। उनकी शादी की यह अनोखी शुरुआत लंबे समय तक गांववासियों की जुबान पर रहेगी। हेलीकॉप्टर से दूल्हा-दुल्हन का आगमन पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया और सुंदरनगर गांव एक दिन के लिए सुर्खियों में आ गया।
संबंधित विषय:
Published on:
05 Feb 2026 08:06 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
