
बरेली। जिलाधिकारी आवास पर बुधवार को भावनाओं से भरा दृश्य देखने को मिला। बरेली के जिलाधिकारी अविनाश सिंह के पिता और रिटायर्ड पीसीएस अधिकारी दिनेश बहादुर सिंह की पुण्य आत्मा की शांति के लिए आयोजित विशाल श्रद्धांजलि सभा में प्रशासन, पुलिस, शिक्षा, राजनीति और सामाजिक जगत की प्रमुख हस्तियां शामिल हुईं। 29 जनवरी को हुए उनके निधन के बाद यह पहला बड़ा सार्वजनिक श्रद्धांजलि आयोजन था, जिसमें समाज के हर वर्ग की भागीदारी नजर आई।
तेरहवीं संस्कार के अवसर पर धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ शांति पाठ और सुंदर भजन संध्या का आयोजन किया गया। भजनों की मधुर धुनों के बीच उपस्थित लोगों ने दिवंगत दिनेश बहादुर सिंह के सादगीपूर्ण व्यक्तित्व और प्रशासनिक कार्यकाल को याद किया। कार्यक्रम में ब्राह्मण भोज और विशाल प्रसाद वितरण भी कराया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।
श्रद्धांजलि सभा में पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति विशेष रही। एडीजी रमित शर्मा, कमिश्नर भूपेंद्र एस. चौधरी, डीआईजी अजय साहनी और एसएसपी अनुराग आर्य समेत तमाम अफसरों ने पुष्पांजलि अर्पित कर दिवंगत आत्मा को नमन किया। सभी अधिकारियों ने परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की और दिवंगत अधिकारी के प्रशासनिक अनुभव व ईमानदार छवि को याद किया।
श्रद्धांजलि सभा में शिक्षा और सामाजिक क्षेत्र की भी उल्लेखनीय उपस्थिति रही। रुहेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति केपी सिंह, नगर आयुक्त संजीव मौर्य, सीडीओ देवयानी समेत कई वरिष्ठ अधिकारी पहुंचे। राजनीतिक क्षेत्र से मेयर डॉ उमेश गौतम, जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, भाजपा महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना, कांग्रेस जिला अध्यक्ष अशफाक सकलैनी सहित विभिन्न दलों के जनप्रतिनिधि शामिल हुए। साथ ही आईएमए अध्यक्ष डॉ अतुल श्रीवास्तव और अन्य प्रतिष्ठित चिकित्सकों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
सभा में उपस्थित गणमान्य लोगों ने एक स्वर में कहा कि दिनेश बहादुर सिंह का प्रशासनिक जीवन अनुशासन, पारदर्शिता और कर्तव्यनिष्ठा का उदाहरण रहा। उनका कार्यकाल आने वाली पीढ़ी के अधिकारियों के लिए मार्गदर्शक बनेगा। कार्यक्रम के अंत में परिजनों ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त किया और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई। पूरे आयोजन में सादगी, श्रद्धा और गरिमा का वातावरण बना रहा।
संबंधित विषय:
Updated on:
11 Feb 2026 06:27 pm
Published on:
11 Feb 2026 06:26 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
