
बरेली। वैवाहिक सीजन में सड़कों पर जाम, डीजे की धुन और अव्यवस्था से बेहाल शहर को लेकर प्रशासन अब पूरी सख्ती के मूड में है। कलेक्ट्रेट में हुई बैठक में होटल, बारातघर और बैंक्वेट हॉल संचालकों को साफ कह दिया गया कि नियम तोड़े तो कार्रवाई तय है।
अपर जिलाधिकारी नगर सौरभ दुबे ने दो टूक कहा कि कई बैंक्वेट हॉल सड़क तक गैलरी बनाकर सजावट कर देते हैं, जिससे आवागमन ठप हो जाता है। अब यह हरकत नहीं चलेगी। सजावट केवल अपने निर्धारित परिसर में ही होगी। सड़क या फुटपाथ पर कब्जा पाया गया तो जिम्मेदारी सीधे संचालक की मानी जाएगी।
बैठक में स्पष्ट कर दिया गया कि सुप्रीम कोर्ट से तय डीजे समय सीमा का कड़ाई से पालन होगा। रात भर डीजे बजाने और यातायात बाधित करने वालों पर कार्रवाई होगी। संचालकों को हिदायत दी गई कि बुकिंग लेते समय ही आयोजकों को नियम समझाएं, बाद में बहानेबाजी नहीं चलेगी।
पुलिस अधीक्षक यातायात मो. अकमल खान ने कहा कि बीच सड़क पर बारात निकालकर शहर को बंधक नहीं बनाया जा सकता। बारात केवल निर्धारित व्यवस्था में ही निकले। सभी वाहन चिन्हित पार्किंग में खड़े कराए जाएं। पीलीभीत बाईपास और बदायूं रोड जैसे क्षेत्रों में निगरानी और बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने चेताया कि कुछ संस्थान अपने सामने डिवाइडर तोड़कर अवैध कट बना लेते हैं, जो बड़े हादसों की वजह बनते हैं। ऐसे मामलों में मुकदमा दर्ज होगा। किसी भी कीमत पर डिवाइडर से छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
होटल और बैंक्वेट हॉल संचालकों को इंफ्रास्ट्रक्चर दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। अग्निशमन उपकरण, लिफ्ट, इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस और सीसीटीवी कैमरे पूरी तरह सक्रिय रहें। कोई डार्क जोन नहीं होना चाहिए और रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखी जाए। एएमसी नियमित रूप से कराना अनिवार्य बताया गया। संचालकों से अपील की गई कि परीक्षा देने आने वाले अभ्यर्थियों को रियायती दरों पर ठहरने की सुविधा दें। प्रशासन ने इसे सामाजिक दायित्व बताते हुए सहयोग की उम्मीद जताई।
एसपी ट्रैफिक ने साफ कहा कि ट्रैफिक और रोड सेफ्टी केवल पुलिस के भरोसे नहीं सुधर सकती। होटल और बैंक्वेट हॉल संचालकों को भी जिम्मेदारी निभानी होगी। वैवाहिक सीजन में जरूरत पड़े तो वॉलंटियर तैनात करें, ताकि आमजन को जाम और अव्यवस्था से राहत मिल सके। बैठक में एसीएम विजय कुमार, पुलिस क्षेत्राधिकारीगण, होटल वेलफेयर एसोसिएशन और बैंक्वेट हॉल एसोसिएशन के पदाधिकारी समेत बड़ी संख्या में संचालक मौजूद रहे। प्रशासन ने संकेत दे दिया है कि अब नियमों से खिलवाड़ करने वालों की खैर नहीं।
Published on:
12 Feb 2026 09:14 pm
बड़ी खबरें
View Allबरेली
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
