
राजेन्द्रसिंह देणोक : चढ़ते पारे के बीच बाड़मेर-जैसलमेर की सियासत इस बार अलग ही ’रंग’ दिखा रही है। यहां न तो किसी गारंटी का असर दिख रहा, न ही कोई जादू। न कोई लहर, न ही मुद्दा। बस, राजनेताओं में बैचेनी है तो मतदाताओं की जुबां पर चुनावी चर्चा और चटकारे। यहां चुनाव अब ’जातिवाद-पार्टीवाद बनाम युवा’ की दिशा में बढ़ रहा है।
विशाल भू-भाग के कारण प्रत्याशी एक छोर से दूसरे छोर तक दस्तक देने की जद्दोजहद कर रहे हैं। बाड़मेर-जैसलमेर लोकसभा सीट पर भाजपा-कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की रैली-सभाओं के बाद परवान चढ़े चुनावी माहौल को भांपने मैं दूसरी बार पाली से जोधपुर के रास्ते निकला। कल्याणपुर से पहले अराबा गांव में दो युवाओं अरविंद भारती और जितेन्द्र कुमार से मुलाकात हुई।
अरविंद ने कहा कि यहां निर्दलीय की चर्चा कुछ ज्यादा है। जितेन्द्र ने कहा कि जोधपुर की औद्योगिक इकाइयों का रासायनिक पानी यहां तक पहुंच रहा है, इसका कोई समाधान नहीं। मैं यहां से आगे बढ़ा। पूरे लोकसभा क्षेत्र का दो बार राउंड करने के बाद यह सामने आया कि प्रदेश की हॉट सीट बाड़मेर में भाजपा प्रत्याशी केन्द्रीय मंत्री कैलाश चौधरी को जोर लगाना पड़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी समेत पार्टी के कई नेता और स्टार प्रचारक उनके समर्थन में सभाएं कर चुके हैं। चौधरी को मोदी के नाम से ही नैय्या पार लगने की उमीद है।
दूसरी तरफ, कांग्रेस के उमेदाराम बेनीवाल ने भी पूरी ताकत झोंक रखी है। बेनीवाल को कांग्रेस के परम्परागत वोट बैंक एससी-एसटी, अल्पसंख्यकों के साथ जातिगत वोटों से उमीद है। वे बायतू विधानसभा से दो बार कम मतों से चुनाव हार चुके। बेनीवाल के प्रति जाटों का झुकाव नजर आया। आरएलपी से आए बेनीवाल के साथ कांग्रेस नेता ’मन’ से कितने साथ हैं, यह भी उनकी हार-जीत का कारण बनेगा। मुकाबले को त्रिकोणीय बना चुके निर्दलीय रविन्द्र भाटी अपने प्रति युवाओं का झुकाव और आकर्षण बरकरार रखे हुए हैं। यह परिदृश्य अलग ही कहानी बयां कर रहा। भाटी की अब तक की स्ट्रेटेजी भी सधी हुई लगी। भाटी को राजपूत वोट बैंक के साथ मूल ओबीसी, युवा-महिला-प्रवासी और अल्पसंख्यक मतदाताओं पर भरोसा है।
बाड़मेर-जैसलमेर लोकसभा का महत्वपूर्ण भाग है बालोतरा। यह व्यापारिक नगरी है। पचपदरा में रिफाइनरी आने से यह क्षेत्र आर्थिक धुरी बन गया। मैं बालोतरा में छतरी मोर्चा के रास्ते पहुंचा, जहां भैराराम, अमराराम और मुकेश प्रजापत से चर्चा हुई। बोले-तीनों में कड़ी टक्कर है। जसोल में किराणा कारोबारी कांतिलाल बोले- निर्दलीय बंदे में दम तो है। नाकोड़ा में लॉरी पर गन्नारस पीते मिले शौकत अली भी यही बात कह गए। गुड़ा मालानी में बुद्धाराम विश्नोई बोले-भीड़ तो सभी के यहां दिख रही है, लेकिन अंदरखाने कौन-किसके साथ यह कहना मुश्किल। पचपदरा में अभिषेक राष्ट्रवाद तो कल्याणपुर में केशाराम महंगाई-बेरोजगारी के नाम पर मतदान करेंगे।
बाड़मेर-जैसलमेर के रेतीले धोरों में चुनावी जंग सोशल मीडिया पर भी लड़ी जा रही है। प्रत्याशियों की रैली, सभा ही नहीं दिनभर की मुलाकातों का पल-पल का अपडेट दिया जा रहा है। सोशल मीडिया पर लाइक-कमेंट-शेयर में प्रत्याशी एक-दूसरे को पछ़ाड़ने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहे हैं।
Published on:
22 Apr 2024 04:41 pm
बड़ी खबरें
View Allबाड़मेर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
