
बैतूल। राष्ट्रीय हिन्दू सेना और बैतूल बाजार पुलिस की संयुक्त कार्यवाही में गोवंश तस्करी का बड़ा मामला सामने आया है। 10 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद गोवंश से भरा एक सफेद रंग का आईसर ट्रक पकड़ा गया, जिसमें अमानवीय तरीके से ठूंसे गए 30 नग गोवंश पाए गए। दम घुटने से चार गोवंश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शेष गोवंश गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले।
- रात 4 बजे मिली सूचना, संगठन और पुलिस हुई सक्रिय
राष्ट्रीय हिन्दू सेना के जिला संयोजक लतेन्द्र यादव ने बताया कि रात्रि करीब 4 बजे सूचना मिली थी कि एक सफेद रंग का आईसर ट्रक वाहन क्रमांक एमएच.40.सीटी.3704 तेज रफ्तार से भोपाल की ओर से बैतूल की तरफ आ रहा है, जिसमें गोवंश भरे होने की संभावना है। सूचना मिलते ही संगठन के प्रदेश अध्यक्ष दीपक मालवीय द्वारा कंट्रोल रूम, पाढर चौकी प्रभारी और बैतूल बाजार थाना प्रभारी को जानकारी दी गई, जिसके बाद संगठन और पुलिस की टीमें सक्रिय हो गईं।
- नेशनल हाईवे पर योजनाबद्ध तरीके से रोका ट्रक
प्रदेश संयोजक पवन मालवीय ने बताया कि सूचना के आधार पर बैतूल बाजार पुलिस की सहायता से नेशनल हाईवे फोरलेन पर बैतूल बाजार के समीप एलबी लॉन के पास आईसर ट्रक को रोका गया। ट्रक में तीन लोग मौजूद थे। पूछताछ के दौरान चालक ने स्वीकार किया कि ट्रक के अंदर गोवंश भरे हुए हैं। इसके बाद पुलिस ने तीनों गोवंश तस्करों को गिरफ्तार कर लिया और ट्रक को जब्त कर लिया गया।
- पार्टीशन बनाकर गोवंशों क्रूरता से ठूंस-ठूंस कर भरा गया था
युवा जिला संयोजक नवीन पटेल ने बताया कि आईसर ट्रक के ऊपर त्रिपाल ढका हुआ था। पुलिस की मौजूदगी में जब ट्रक की तलाशी ली गई तो अंदर पटिया के पार्टीशन बनाकर गोवंशों को बेहद क्रूरता से ठूंस-ठूंस कर भरा गया था। गोवंशों के चारों पैर एक-दूसरे से बांधे गए थे और उन्हें भूखे-प्यासे हालत में रखा गया था। गिनती करने पर ट्रक में कुल 30 नग गोवंश पाए गए।
- भोपाल से अमरावती कत्लखाने ले जाने की थी तैयारी
संगठन के सदस्य सोनू यादव ने बताया कि पकड़े गए गोवंश तस्करों ने पूछताछ में स्वीकार किया कि ये गोवंश भोपाल से लगे तेंदूखेड़ा क्षेत्र के जंगल से भरकर महाराष्ट्र के अमरावती स्थित कत्लखाने ले जाए जा रहे थे। तस्करों ने यह भी बताया कि वे यह कार्य अपने मालिक अतिक खान निवासी भोपाल के कहने पर कर रहे थे।
- बैतूल बाजार थाने में एफआईआर
प्रखंड अध्यक्ष सौमेश सोनी ने बताया कि गोवंश तस्करी करते पकड़े गए आरोपियों में मुबीन खान, नरेन्द्र अहरवार और जमील नसीब भोपाल शामिल हैं। तीनों के खिलाफ बैतूल बाजार थाना में एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
- गोशाला में सुरक्षित रखे गए गोवंश
पुलिस की मौजूदगी में आईसर ट्रक से उतारे गए सभी जीवित गोवंशों को राष्ट्रीय हिन्दू सेना के सदस्यों द्वारा त्रिवेणी गोशाला में सुरक्षित पहुंचाया गया। जहां मृत 4 नग गोवंश का पशु चिकित्सक द्वारा पोस्टमार्टम कर अंतिम संस्कार किया गया, वहीं अन्य घायल गोवंशों का उपचार जारी है।
- संगठन के कई पदाधिकारी रहे मौजूद, इसी महीने की दूसरी कार्रवाई
इस कार्रवाई के दौरान संगठन के जिलाध्यक्ष अनुज राठौर, तहसील संयोजक संदीप मालवीय, तहसील उपाध्यक्ष राहुल खवादे, प्रखंड अध्यक्ष सोमेश सोनी, नगर अध्यक्ष शनि साहू, तहसील युवा सह महामंत्री सोनू खवादे और जिला महामंत्री अमित यादव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। राष्ट्रीय हिन्दू सेना ने बताया कि यह इसी महीने में गोवंश तस्करी के खिलाफ की गई दूसरी बड़ी कार्रवाई है।
Published on:
13 Jan 2026 09:24 pm
बड़ी खबरें
View Allबेतुल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
