
फाइल फोटो पत्रिका
DLC Generation Facility : राजस्थान के ईपीएफ पेंशनधारकों के लिए राहतभरी खबर है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) ने इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक (आईपीपीबी) के सहयोग से डोरस्टेप डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (डीएलसी) जनरेशन सुविधा शुरू करने का निर्णय लिया है। यह सुविधा एक दिसंबर से प्रभावी हो चुकी है। अब पेंशनरों को वार्षिक जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने के लिए बैंक, डाकघर और ईपीएफ कार्यालयों में भटकना नहीं पड़ेगा। अब जीवन प्रमाण पत्र सीधे पेंशनर के घर पर ही तैयार किया जाएगा।
ईपीएफओ की इस नई पहल के तहत डाक सेवक या पोस्टमैन स्वयं पेंशनधारक के निवास पर पहुंचेगा और वहीं आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन टेक्नोलॉजी (एफएटी) या बायोमैट्रिक प्रमाणीकरण के माध्यम से डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट जनरेट करेगा। इस प्रक्रिया का प्रमाण पत्र स्वत: ही ईपीएफओ सिस्टम अपडेट हो जाएगा। इससे पेंशन भुगतान में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी।
इस पहल से उन हजारों पेंशनधारकों को राहत मिलेगी, जिनको प्रतिवर्ष नवंबर माह में पेंशन जारी रखने के लिए डाकघर, ईपीएफओ ऑफिस और बैंक में जाकर अपना जीवित प्रमाण पत्र बनवाना पड़ता है।
डोर स्टेप डिजिटल लाइफ आईपीपीबी के कस्टमर केयर नंबर सर्टिफिकेट के लिए पेंशनधारक 033-22029000 पर कॉल कर अनुरोध दर्ज करा सकते हैं। अनुरोध मिलने के बाद संबंधित क्षेत्र का डाक सेवक तय समय पर पेंशनर के घर पहुंच कर आवश्यक सत्यापन करेगा और वहीं डीएलसी तैयार करेगा। भविष्य में डाक सेवक फेस ऑथेंटिकेशन प्रक्रिया के बारे में पेंशनरों को मार्गदर्शन भी देगा।
अब तक पेंशनरों को हर साल जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के लिए लंबी कतारों, बार-बार सत्यापन और तकनीकी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। खासतौर पर वृद्ध, बीमार, दिव्यांग और असहाय पेंशनरों के लिए यह प्रक्रिया बेहद कठिन थी। डोर स्टेप सुविधा से न केवल समय और मेहनत की बचत होगी, बल्कि अनावश्यक दौड़-भाग और पेंशन रुकने की आशंका भी समाप्त होगी।
ईपीएफओ ने स्पष्ट किया है कि यह सेवा पूरी तरह से निशुल्क होगी। पेंशनरों को किसी भी व्यक्ति या कर्मचारी को कोई शुल्क नहीं देना है। यदि कोई व्यक्ति इस सेवा के नाम पर पैसे की मांग करता है तो इसकी शिकायत की जा सकती है।
Published on:
08 Feb 2026 11:07 am
बड़ी खबरें
View Allभरतपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
