
Congress to shift MP MLAs to another state
मध्यप्रदेश से कांग्रेस की राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन सोमवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगी। इस दौरान प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह मौजूद रहेंगे। विधायकों को भी नामांकन के समय मौजूद रहने के निर्देश दिए हैं। सभी प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से सुबह 11 बजे नामांकन फॉर्म जमा करने विधानसभा रवाना होंगे। इधर बीजेपी द्वारा तीसरी सीट पर भी प्रत्याशी घोषित कर दिए जाने से कांग्रेस के विधायकों की बाड़ाबंदी की बात भी कही जा रही है। बताया जा रहा है कि उन्हें बेंगलुरू या हैदराबाद में किसी रिसोर्ट में रखकर सीधे 18 जून को ही मतदान के लिए मध्यप्रदेश लाया जाएगा। प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी पहले ही विधायकों की खरीद फरोख्त की कोशिश की आशंका जता चुके हैं। उन्होंने कहा कि इसके लिए बीजेपी के पास अथाह पैसा है।
कांग्रेस की राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन ने रविवार को राजधानी में पूर्व केंद्रीय मंत्री अरुण यादव से उनके निवास पर मुलाकात की। विधायक सचिन यादव भी मौजूद रहे। मीनाक्षी ने कुछ अन्य विधायकों से भी मुलाकात की।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा, कांग्रेस प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन 500 प्रतिशत राज्यसभा जाएंगी। इसके लिए सभी कांग्रेस विधायक एकजुट हैं। इस बीच यदि भाजपा लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पालन करती है तो स्वागत है और यदि भाजपा मर्यादाओं का उल्लंघन करती है तो ईंट का जवाब पत्थर से मिलेगा।
कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी कह चुके हैं कि बीजेपी विधायकों की खरीद फरोख्त कर सकती है। उन्होंने कहा कि इस काम के लिए उनके पास पैसों का अकल्पनीय भंडार है।
भारतीय जनता पार्टी ने तीसरी सीट पर चुनाव लडऩे का ऐलान कर दिया है। पार्टी ने देर रात महेश केवट को राज्यसभा के लिए प्रत्याशी घोषित कर दिया। इसके बाद कांग्रेस ने भी अपनी रणनीति पर काम शुरू कर दिया है। इसके तहत नामांकन के बाद सभी विधायकों की बाड़ाबंदी कर उन्हें अन्य कांग्रेस शासित राज्य में भेजा जा सकता है।
बताया जा रहा है कि कांग्रेस विधायकों को कर्नाटक के बेंगलुरू या तेलंगाना के हैदराबाद में किसी रिसोर्ट में रखा जा सकता है। सूत्रों के अनुसार खासतौर पर सभी विधायक कर्नाटक जा सकते हैं। यहां से वे सीधे 18 जून को ही मतदान के लिए मध्यप्रदेश विधानसभा पहुंचेंगे।
Updated on:
08 Jun 2026 11:07 am
Published on:
08 Jun 2026 08:16 am
बड़ी खबरें
View Allभोपाल
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
