
Rakhi Sawant (सोर्स इंस्टाग्राम- tahirjasus)
Rakhi Sawant on Rohit Shetty Firing Incident: मशहूर फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के जुहू स्थित घर के बाहर फायरिंग की खबर सामने आने के बाद हर कोई दंग रह गया। ये घटना न सिर्फ सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है, बल्कि बॉलीवुड से जुड़े लोगों के बीच डर और चिंता का माहौल भी पैदा कर गई। जहां ज्यादातर सितारे इस मामले पर चुप्पी साधे हुए हैं, वहीं हमेशा बेबाक बयान देने वाली राखी सावंत ने इस घटना पर अपनी प्रतिक्रिया देकर सबका ध्यान खींच लिया।
सोमवार को मुंबई की सड़कों पर पैपराजी से बातचीत के दौरान जब राखी सावंत से रोहित शेट्टी के घर हुई फायरिंग के बारे में पूछा गया, तो वह पहले तो हैरान नजर आईं। उन्होंने हैरानी जताते हुए सवाल किया कि आखिर ऐसा क्यों हुआ। लेकिन जैसे ही उनसे इस घटना में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम का जिक्र किया गया, राखी का हावभाव अचानक बदल गया।
राखी सावंत, जो आमतौर पर बिना डरे अपनी राय रखती हैं, इस बार काफी सतर्क दिखीं। उन्होंने साफ कहा कि वो इस नाम पर कुछ भी बोलना नहीं चाहतीं। उनका ये रिएक्शन सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया और लोग तरह-तरह के कयास लगाने लगे कि आखिर ऐसा क्या है, जो राखी भी इस मुद्दे पर चुप रहना बेहतर समझ रही हैं। राखी ने हाथ जोड़कर कहा- 'लॉरेंस बिश्नोई के बारे में मैं कुछ नहीं बोलूंगी। बस इतना कहूंगी कि लॉरेंस बिश्नोई भाई मेरे सलमान भाई को कुछ मत करना।'
उन्होंने हाल ही में देखी फिल्म ‘मर्दानी 3’ का जिक्र करते हुए खुद को बॉलीवुड की असली मर्दानी बताया। राखी का कहना था कि जिंदगी में उन्होंने जितना संघर्ष झेला है, उतना शायद ही किसी और ने सहा हो। उन्होंने अभिनेत्री रानी मुखर्जी की तारीफ करते हुए कहा कि पर्दे पर मर्दानी दिखाना आसान है, लेकिन असल जिंदगी में जूझना कहीं ज्यादा मुश्किल होता है। राखी का ये वीडियो ताहिर जासूस समेत कई पैपराजी पेज पर देखने को मिल रहा है। उनका वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
रविवार को रोहित शेट्टी के घर के बाहर फायरिंग की खबर सामने आई थी। राहत की बात ये रही कि इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं मिली। पुलिस जांच में सामने आया कि इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंगने ली है और इसे लेकर सोशल मीडिया पर भी एक पोस्ट किया गया। हालांकि, रोहित शेट्टी की ओर से अब तक इस घटना पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
Updated on:
03 Feb 2026 02:28 pm
Published on:
03 Feb 2026 02:27 pm
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
