
धुरंधर 2 के सेट पर पहुंची पुलिस
Dhurandhar 2: साल 2025 में अपनी ऐतिहासिक सफलता से बॉक्स ऑफिस पर झंडे गाड़ने वाली फिल्म 'धुरंधर' का दूसरा पार्ट 'धुरंधर: द रिवेंज' इन दिनों सुर्खियों में है। इसका टीजर रिलीज कर दिया गया है, जिसे देख लोगों का गुस्सा सांतवे आसमान पर पहुंच गया है। उनका कहना है कि जो धुरंधर के आखिर में रणवीर के सीन दिखाए थे वही टीजर में डाल दिए। इन्हीं आलोचनाओं के बीच एक और विवाद बढ़ गया है, लेकिन इस बार वजह कोई फिल्मी सीन नहीं बल्कि कानूनी पचड़ा है। फिल्म की रिलीज में अब बस कुछ ही हफ्ते बचे हैं और टीम बचे हुए सीन की शूटिंग पूरी करने में जुटी है। ऐसे में खबर आई है कि मुंबई पुलिस ने फिल्म के लोकेशन मैनेजर के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।
धुरंधर 2 की शूटिंग के लिए मुंबई के बैलार्ड एस्टेट इलाके को पाकिस्तान के लाहौर स्थित 'ल्यारी' के रूप में तब्दील किया गया था। साउथ मुंबई का यह हिस्सा 'हाई-सिक्योरिटी' जोन में आता है, जहां किसी भी तरह की ड्रोन गतिविधि के लिए पुलिस और प्रशासन से विशेष अनुमति लेनी पड़ती है।
पुलिस के मुताबिक, शूटिंग के दौरान फिल्म की टीम बिना परमिशन के ड्रोन उड़ा रही थी। जैसे ही पुलिस को इसकी भनक लगी, उन्होंने तुरंत शूटिंग रुकवा दी और ड्रोन को नीचे उतरवा लिया। लोकेशन मैनेजर रिंकू राजपाल वाल्मीकि पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 223 के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह धारा सरकारी आदेशों का जानबूझकर उल्लंघन करने से जुड़ी है।
हैरानी की बात यह है कि पुलिस की यह कार्रवाई उस समय हुई जब सेट पर एक बहुत ही खास सीन फिल्माया जा रहा था। सूत्रों के मुताबिक, संजय दत्त (जो फिल्म में एसपी चौधरी का किरदार निभा रहे हैं) अपनी एक ड्रामैटिक एंट्री का शॉट दे रहे थे। तभी पुलिस टीम वहां पहुंची और मैनेजर को हिरासत में ले लिया। इस घटना के बाद कुछ देर के लिए सेट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
'धुरंधर 2' के मेकर्स के लिए यह समय थोड़ा चुनौतीपूर्ण चल रहा है। पिछले कुछ दिनों से सेट से लगातार तस्वीरें और वीडियो लीक हो रहे थे। हाल ही में संजय दत्त और अर्जुन रामपाल की एक साथ शूटिंग करते हुए फोटो वायरल हुई थी, जिसने फिल्म के सस्पेंस को खतरे में डाल दिया था। अब ड्रोन विवाद ने मेकर्स की सिरदर्दी और बढ़ा दी है।
आदित्य धर के निर्देशन में बन रही यह फिल्म 19 मार्च 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त क्रेज है, लेकिन इस तरह के कानूनी विवाद रिलीज से पहले फिल्म की मार्केटिंग और शेड्यूल पर असर डाल सकते हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह देखना होगा कि इस विवाद का असर फिल्म की बची हुई शूटिंग पर कैसा पड़ता है।
Published on:
03 Feb 2026 02:42 pm
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
