
Saiyaara Re-Released in Valentines Week 2026 (सोर्स- IMDb)
Saiyaara Re-Released in Valentines Week 2026: रोमांस, संगीत और इमोशंस से सजी फिल्म ‘सैयारा’ एक बार फिर सिनेमाघरों में लौट आई है। वैलेंटाइन डे 2026 से ठीक पहले इस चर्चित रोमांटिक ड्रामा को दोबारा रिलीज किया गया है, ताकि प्यार के इस खास हफ्ते में दर्शक एक बार फिर बड़े पर्दे पर इसकी मोहब्बत भरी कहानी महसूस कर सकें। जुलाई 2025 में रिलीज हुई यह फिल्म न सिर्फ बॉक्स ऑफिस पर छाई थी, बल्कि अपने लीड कपल की केमिस्ट्री की वजह से युवाओं के बीच एक ट्रेंड बन गई थी।
‘सैयारा’ अहान पांडे और अनीत पड्डा के करियर की अहम फिल्मों में शुमार है। इस फिल्म के जरिए अहान ने बॉलीवुड में कदम रखा, वहीं अनीत पहली बार फीमेल लीड के रूप में नजर आईं। रिलीज के बाद दोनों की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया और देखते ही देखते दोनों नेशनल क्रश बन गए। फैंस के बीच इनकी जोड़ी इतनी पसंद की गई कि फिल्म के गाने और सीन आज भी याद किए जाते हैं।
निर्देशक मोहित सूरी की ये रोमांटिक म्यूजिकल ड्रामा कहानी एक संघर्षरत सिंगर कृष और एक शांत स्वभाव की राइटर वाणी के इर्द-गिर्द घूमती है। एक म्यूजिक प्रोजेक्ट के दौरान दोनों की मुलाकात होती है और धीरे-धीरे दोस्ती प्यार में बदल जाती है। लेकिन कहानी तब भावनात्मक मोड़ लेती है, जब वाणी एक गंभीर बीमारी से जूझने लगती है और उसका असर उनके रिश्ते पर पड़ता है। यही दर्द, त्याग और सच्चे प्यार की परीक्षा ‘सैयारा’ को आम लव स्टोरी से अलग बनाती है।
दिलचस्प बात ये रही कि फिल्म की पहली रिलीज के समय मेकर्स ने अहान और अनीत को प्रमोशन से दूर रखा था। मीडिया से बातचीत सिर्फ निर्देशक मोहित सूरी ने की थी। इसके बावजूद फिल्म ने दर्शकों के दिलों में जगह बना ली। समीक्षकों की राय भले मिली-जुली रही हो, लेकिन ऑडियंस, खासकर युवा दर्शकों ने फिल्म को सिर आंखों पर बिठा लिया।
बॉक्स ऑफिस पर ‘सैयारा’ ने इतिहास रचते हुए 500 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की और यह 2025 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली रोमांटिक फिल्मों में शामिल हो गई। इसके गाने आज भी प्लेलिस्ट्स का हिस्सा बने हुए हैं, जो फिल्म की लोकप्रियता को साबित करते हैं।
अब वैलेंटाइन वीक के मौके पर ‘सैयारा’ को 7 फरवरी से 13 फरवरी 2026 तक सीमित शोज के साथ दोबारा रिलीज किया गया है। मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु, पुणे समेत कई शहरों में दर्शक इसे फिर से सिनेमाघरों में देख सकते हैं। हालांकि मेकर्स की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई, लेकिन ऑनलाइन टिकटिंग प्लेटफॉर्म्स पर इसकी उपलब्धता ने फैंस की खुशी दोगुनी कर दी है।
वैसे ‘सैयारा’ अकेली ऐसी फिल्म नहीं है जो वैलेंटाइन सीजन में दोबारा सिनेमाघरों में लौट रही है। फरवरी महीने में सलमान खान की कल्ट रोमांटिक फिल्म ‘तेरे नाम’ की री-रिलीज की खबरों ने भी फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह पैदा कर दिया है। सतीश कौशिक के निर्देशन में बनी इस फिल्म में सलमान खान का ‘राधे’ वाला किरदार आज भी दर्शकों के दिलों में जिंदा है।
दर्द भरी प्रेम कहानी, सलमान की इंटेंस एक्टिंग और हिमेश रेशमिया के यादगार गानों ने ‘तेरे नाम’ को कल्ट स्टेटस दिलाया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फरवरी में यह फिल्म एक बार फिर बड़े पर्दे पर दस्तक दे सकती है। ऐसे में वैलेंटाइन वीक के आसपास रोमांटिक फिल्मों की री-रिलीज यह साबित कर रही है कि सच्चा प्यार और क्लासिक प्रेम कहानियां कभी पुरानी नहीं होतीं।
Published on:
07 Feb 2026 07:00 pm
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
