
फिल्म ‘हम में शहंशाह कौन’ पोस्टर (फोटो सोर्स: IMDb)
Hema Malini - Shatrughan Sinha Return Together: फिल्म इंडस्ट्री में हर साल अनगिनत फिल्में बनती हैं। इनमें से कई रिलीज हो जाती हैं, लेकिन कुछ फिल्में ऐसी भी होती हैं जो बड़ी स्टारकास्ट होने के बावजूद किसी न किसी वजह से रिलीज नहीं हो पाती। इसके पीछे कई कारण होते हैं। शत्रुघ्न सिन्हा और हेमा मालिनी ने साथ में कई यादगार फिल्मों में काम किया है, लेकिन कुछ प्रोजेक्ट ऐसे भी रहे जो शूटिंग पूरी होने के बाद भी दर्शकों तक नहीं पहुंच सके। अब ऐसी ही एक फिल्म, जो दशकों पहले बनी थी, आखिरकार रिलीज के लिए तैयार है।
साल 1989 में बनी मल्टी-स्टारर फिल्म ‘हम में शहंशाह कौन’ अब करीब 37 साल बाद सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म उस समय पूरी बन चुकी थी, लेकिन विभिन्न कारणों से रिलीज नहीं हो सकी। अब आधुनिक तकनीक की मदद से फिल्म को पूरा कर दर्शकों के सामने लाने की तैयारी कर ली गई है।
ई-टाइम्स से बातचीत में फिल्म के प्रोड्यूसर राजा रॉय ने कहा, “हमने इस फिल्म के लिए कभी उम्मीद नहीं छोड़ी। इन दशकों में निजी और प्रोफेशनल दोनों स्तर पर कई दुखद घटनाएं हुईं। आज मुझे खुशी है कि यह फिल्म आखिरकार सिनेमाघरों तक पहुंच रही है। यह सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि मेरे लिए मेरे बच्चे जैसी है।”
राजा रॉय ने बताया कि लंबे समय तक अटकी रहने के बाद अब उन्होंने और उनकी टीम ने आधुनिक तकनीक की मदद से फिल्म को पूरा किया है। इसमें 4K रिमस्टरिंग, 5.1 सराउंड साउंड, विजुअल और ऑडियो सुधार के साथ-साथ सीमित रूप से एआई टूल्स का इस्तेमाल किया गया है, ताकि फिल्म की मूल कहानी और कलाकारों की परफॉर्मेंस से कोई समझौता न हो।
फिल्म में शत्रुघ्न सिन्हा, हेमा मालिनी, रजनीकांत और अनीता राज के साथ ही प्रेम चोपड़ा, शरद सक्सेना, दिवंगत अमरीश पुरी और जगदीप नजर आएंगे। फिल्म के संवाद सलीम-फैज ने लिखे हैं, संगीत लक्ष्मीकांत-प्यारेलाल का है, गीत आनंद बख्शी ने लिखे हैं और कोरियोग्राफी सरोज खान ने की है। फिल्म का निर्देशन दिवंगत हरमेश मल्होत्रा ने किया था, जबकि इसे प्रोड्यूस राजा रॉय ने किया है, जो अभिनेत्री रीना रॉय के भाई हैं।
37 साल बाद रिलीज हो रही ‘हम में शहंशाह कौन’ में 80-90 के दशक के बड़े सितारे, दमदार एक्शन, शानदार संगीत और उस दौर का क्लासिक सिनेमा स्टाइल एक बार फिर बड़े पर्दे पर देखने को मिलेगा। यह फिल्म देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी और इसके बाद इसे ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर भी रिलीज किया जाएगा।
Published on:
24 Jan 2026 09:20 pm
बड़ी खबरें
View Allबॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
